नई दिल्ली । चंद्रयान-3 मिशन का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने इस लांच करने की तारीख बता दी है। यह 14 जुलाई को लांच होगा। अंतरिक्ष एजेंसी ने बताया है कि श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लांच किया जाएगा। इसकी लॉन्चिंग दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर होगी। बीते रोज इसरो ने वीडियो शेयर किया था। वीडियो में बताया था कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान को अपने नए प्रक्षेपण रॉकेट एलवीएम-3 से जोड़ दिया गया है।
इसरो ने ट्वीट कर पूरे शेड्यूल की जानकारी दी। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-3 मिशन को 14 जुलाई को लांच किया जाएगा।
इसरो अधिकारियों के अनुसार, ‘लैंडर और रोवर पर लगे इन वैज्ञानिक उपकरणों को ‘चंद्रमा का विज्ञान’ विषय में रखा जाएगा। जबकि प्रायोगिक उपकरण चंद्रमा की कक्षा से पृथ्वी का अध्ययन करने वाले हैं, जिन्हें ‘चंद्रमा से विज्ञान’ विषय में रखा जाएगा।’
इस साल मार्च में चंद्रयान-3 अंतरिक्ष यान ने अपनी आवश्यक जांच पूरी कर ली थी। प्रक्षेपण के दौरान पेश आने वाली कठिन परिस्थितियों के परीक्षण में खरा उतरा है। लैंडर, चंद्रमा के एक विशेष स्थान पर सहजता से उतरने की क्षमता से लैस होगा और रोवर को तैनात करेगा, जो चंद्रमा की सतह पर रासायनिक विश्लेषण करेगा।