चीन, भारत की जमीन पर कब्जा कर रहा है और मौजूदा सरकार कुछ भी नहीं कहती – राहुल गांधी

नई दिल्ली । चीन ने अपना 2023 एडिशन का मैप जारी किया है जिसमें अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम पर अपना दावा ठोंका है। इस मैप के जारी होते ही कांग्रेस सांसद राहुल गांधी नरेंद्र मोदी सरकार पर हमलावर हुए और कहा कि वो झूठ बोल रहे हैं। चीन, भारत की जमीन पर कब्जा करता जा रहा है और मौजूदा सरकार शी जिनपिंग के बारे में कुछ भी नहीं कहती, गलवान में झड़प के बाद चीन भारतीय जमीन पर काबिज है और सरकार कुछ भी नहीं बोल रही। राहुल गांधी ने कहा कि आखिर वो कौन सी वजह है कि एक एक इंच ना देने की बात करने वाली सरकार चीन द्वारा एक एक इंच कब्जे पर मुंह नहीं खोल रही है।
राहुल गांधी हाल ही में लद्दाख के दौरे पर थे और कहा कि वहां के लोगों ने बताया कि चीन भारतीय सीमा में दाखिल हुआ है। लोगों को चीनी फौज के इरादे ठीक नजर नहीं आते हैं। यह सरकार सर्जिकल स्ट्राइक की बात करती है लेकिन चीन के मुद्दे पर चुप्पी साध लेते हैं। सवाल यह है कि जो सरकार 56 इंच सीने का दावा करती है वो चीन की चाल पर चुप क्यों बैठी हुई है। आखिर चीन के मंशा को सरकार क्यों नहीं भांप पा रही है। इस तरह की सरकार देश की सुरक्षा को दांव पर लगा रही है। सवाल यह है कि जमीनी स्थिति क्या है। सबसे पहले गे अरुणाचल प्रदेश की बात करेंगे।
1959 में चीन के राष्ट्रपति झाउ एन लाइ ने कहा था कि वो मैक्मोहन लाइन को नहीं मानते हैं। उनके बयान का अर्थ यह था कि अरुणाचल प्रदेश से लेकर सिक्किम के साथ साथ उत्तराखंड और लद्दाख के कुछ हिस्सों को वो विवादित मानते हैं। उनके बयान के समय भारत में कांग्रेस की सरकार थी जिसकी अगुवाई जवाहर लाल नेहरू कर रहे थे। जानकार बताते है कि जिस तरह से प्रतिवाद उस समय करना चाहिए था उस अंदाज में जवाब नहीं दिया गया। सिर्फ तीन साल बाद ही चीन ने भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ दिया। भारतीय फौज की तरफ से मुंहतोड़ जवाब तो दिया गया लेकिन तब तक चीन की तरफ से अरुणाचल के कुछ हिस्सों पर कब्जा हो चुका था। भारत-चीन के बीच ऐतिहासिक विवाद की नींव वहीं से पड़ी। उसके बाद से चीन में सरकार का चेहरा कोई रहा हो एलएसी पर घुसपैठ की कोशिश होती रही है।