:: सबसे अधिक राजस्व देने वाली विधानसभा-3 के व्यापारी चंदा खोरों से परेशान ::
इन्दौर । शनिवार को इन्दौर प्रेस क्लब में आयोजित आमने-सामने कार्यक्रम में पिंटू जोशी और गोलू शुक्ला को आमंत्रित किया गया। पिंटू जोशी तो समय पर प्रेस क्लब के कार्यक्रम में शामिल हुए लेकिन प्रतिद्वंदी प्रत्याशी गोलू शुक्ला नहीं पहुंचे। पिंटू जोशी ने अकेले ही मीडिया के सवाल और जवाबों का बेबाक होकर सामना किया और अपनी बात उनके समक्ष खुलकर रखी। पिंटू जोशी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों व घोषणाओं से अब जनता ऊब चुकी हैं। प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान ने जो भी घोषणाएं अभी तक की वह धरातल पर कहीं नजर नहीं आई। विकास के नाम पर जनता के साथ छलावा किया गया। उन्होंने विधानसभा-3 की समस्या रखते हुए कहा कि व्यापारिक दृष्टि से विधानसभा-3 में अत्यधिक व्यापारी हैं। यहीं से शहर का व्यापार-व्यवसाय चलता है। इसी क्षेत्र के व्यापारी सबसे अधिक राजस्व भरते हैं। लेकिन फिर भी क्षेत्र में कई समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। सडक़ों के गड्ढ़े, पीने की पानी, यातायात एवं सुबह और शाम को जाम जैसी स्थिति यहां के रहवासियों का सबसे बड़ा मुद्दा है। वहीं व्यापारी वर्ग भी यहां चंदा खोरी से परेशान है। उन्होंने मीडिया से कहा कि विस चुनाव में अगर जनता मुझे अपना प्रतिनिधित्व देती हैं तो सबसे पहले मेरी प्राथमिकता यहां की मूलभूत सुविधाओं को पूर्ण करने की रहेगी। वहीं व्यापारियों के लिए उन्होंने कहा कि व्यापारियों को व्यापार के अच्छा वातावरण के साथ ही विधानसभा-3 को नंबर-1 बनाने की जिम्मेदारी भी मेरी रहेगी। वहीं उन्होंने आम नागरिकों के लिए कहा कि आम नागरिक महंगाई के बोझ से दबता जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाएं काफी महंगी हो गई है, बच्चों की शिक्षा का खर्च अभिभावक वहन नहीं कर पा रहे हैं। अगर कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रदेश में बनती हैं तो सबसे पहले बढती महंगाई पर रोक लगाएंगे।
:: भाजपा ने जनता को स्मार्ट सिटी का मरहम लगाया, व्यापारी की जेब पर ही डाका डाला ::
पिंटू जोशी ने मीडिया से कहा कि भाजपा ने जनता को सिर्फ स्मार्ट सिटी का मरहम लगाया है। जिसका सारा खर्च व्यापारियों की जेब पर डाका डाल निकाला है। उन्होंने सभी से कहा कि व्यापारी अब जाग चुका है और उन्होंने अपना समर्थन कांग्रेस पार्टी को देने की बात कहीं है।