मोदी सरकार ने आर्थिक मोर्चे पर देश को पहुंचाया भारी नुकसान – येचुरी

FEATURED मध्य प्रदेश साहित्य

रायपुर 11 नवम्बर(वार्ता) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव सीताराम येचुरी ने मोदी सरकार पर आर्थिक मोर्चे पर देश को पीछे ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि नोटबंदी एवं जीएसटी के उसके तुगलकी निर्णय से देश को भारी नुकसान हुआ है।
श्री येचुरी ने आज यहां प्रेस कान्फ्रेंस में कहा कि मोदी सरकार के सत्ता में आने के बाद जहां एक तरफ देश को आर्थिक मोर्चे पर गंभीर समस्याओं से जूझना पड़ रहा है,वहीं साम्प्रदायिकता को भी खूब बढ़ावा मिल रहा है।अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए चुनावों के नजदीक आते ही हिंदुत्व वोट बैंक के ध्रुवीकरण करने की कोशिशों को भाजपा ने तेज कर दिया है।
उन्होने मोदी सरकार पर देश की संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने उन पर अपने निर्णय जबरन थोपने का आरोप लगाया और कहा कि चुनाव आयोग हो ,सीबीआई हो न्यायालय हो, या रिजर्व बैक सभी जगह हस्तक्षेप हो रहा है।उन्होने कहा कि आपातकाल से बुरे हालात उत्पन्न हो गए है। सरकार का यह रवैया संविधान एवं देश के लिए घातक है।
श्री येचुरी ने कहा कि इस सरकार ने अर्थव्यवस्था में दो बहुत बड़े ब्रेक नोटबंदी एवं जीएसटी लगा दिए हैं जिससे आज तक देश उबर नहीं पा रहा है। छत्तीसगढ़ की रमन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में प्रचुर संसाधन एवं संपदा के होते हुए भी बेरोजगारी की समस्या गंभीर है। रोजगार के लिए युवा भटक रहे है,यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।जिस राज्य में 27 हजार बेटियां लापता हो ,उस राज्य का क्या हाल होगा इसी से समझा जा सकता है।
माकपा महासचिव ने कहा कि स्कूलों कालेजों में शिक्षक नही है,आदिवासियों को उचित काम नहीं मिल रहा है, ना किसानों को उनके अनाज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। रमन सरकार पूरी तरीके से भ्रष्टाचार में लिप्त है भाजपा सरकार सिर्फ और सिर्फ पैसे के बल पर सत्ता हासिल करती रही है। उन्होने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि माकपा राज्य में तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शेष सीटे पर उसका लक्ष्य भाजपा को हराना है। पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा को हराने में सक्षम उम्मीदवारों के समर्थन के लिए कहा गया है।
अंकित.साहू
वार्ता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *