इन्दौर में सहारा सिटी होम्स के 1.8 हेक्टेयर रिक्त भूमि की होगी नीलामी –

:: ननि को वसूलना है 22.94 करोड़ का सम्पत्त‍िकर ::
इन्दौर । नगर निगम ने अब अपनी वित्तीय स्थ‍ित‍ि में सुधार के लिए बड़े बकायादारों से निगम करों की वसूली के लिए अभियान शुरू किया है। इसके तहत इन्दौर में सहारा सिटी होम्स के 1.8 हेक्टेयर रिक्त भूमि को नीलाम करने की तैयारी कर ली है। सहारा सिटी होम्स से निगम को करीब 22.94 करोड़ रू. का सम्पत्त‍िकर वसूलना है। निगम के नोटिस देने के बाद भी कम्पनी बकाया सम्पत्त‍िकर जमा नहीं कर रही थी, इसलिए निगम को जप्ती-कुर्की के बाद अब नीलामी की कार्यवाई करनी पड़ रही है।
अपर आयुक्त (राजस्व) अभिलाष मिश्रा ने बताया कि शहर के बड़े बकायादारों से करों की वसूली के लिए नगर निगम कमिश्नर श‍िवम वर्मा द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए है। बताया गया कि ज़ोन-19 में स्थित संपति सहारा इंडिया कमर्शियल कारपोरेशन लिमिटेड सहारा सिटी होम्स की है। यह ग्राम बिचौली मर्दाना के सर्वे नंबर 167 से 187 तक स्थित है। सहारा इंडिया की इन्दौर में कुल संपत्ति करीब 31 हेक्टेयर है। इसमें से निगम सिर्फ 1.8 हेक्टेयर यानी 18066.46 वर्गमीटर रिक्त भूखंड नीलामी के जरिए बेचने जा रहा है।
:: कलेक्टर गाइडलाईन से अनुमानित मूल्य करीब 30 करोड़ रू. ::
नगर निगम सीमा में स्थ‍ित सहारा सिटी होम्स की उक्त 1.8 हेक्टेयर बेशकीमती भूमि का कलेक्टर गाइडलाइन के हिसाब से अनुमानित मूल्य करीब 30 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। सहारा होम्स के नक्शे में उक्त भूखंड पर स्कूल बताया गया है। यह व्यावसायिक उपयोग के लिए है।
:: 26 मार्च को होगी नीलाम ::
अपर आयुक्त मिश्रा ने बताया कि ऐसी सम्पत्त‍ि जिन पर राजस्व बकाया होने पर पूर्व में जप्ती-कुर्की की कार्रवाई की गई थी, नगर पालिक निगम अध‍िनियम 1956 की धारा 175 के तहत उनकी नीलामी की कार्यवाही की जा रही है। 26 मार्च को नीलामी की कार्रवाई की जाएगी।