निरुपम ने प्रियंका गांधी पर साधा निशाना- बोले राजस्थान में दिखी कांग्रेस में आपसी टकराहट

मुंबई। कांग्रेस से निलंबित किए गए संजय निरुपम अब कांग्रेस को बार बार निशाने पर ले रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस की जयपुर में हुई चुनावी सभा पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रियंका गांधी का भाषण सुनकर लग रहा था कि वे पूर्व सीएम अशोक गहलोत को ट्रोल कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका ने राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की उपस्थिति में परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा उठाया। ऐसा लगता है कि उन्हें यह लगा कि वह यूपी में बोल रही हैं। या फिर वह गहलोत को ट्रोल कर रही होंगी। या नहीं तो यह पार्टी के अंदर पावर सेंटर के बीच टकराव का असर है। आपको बता दें कि गहलोत के शासन के दौरान पेपर लीक एक ज्वलंत मुद्दा रहा।
संजय निरुपम का कांग्रेस से निष्कासन तब हुआ जब उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पहले ही पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल के पांच शक्ति केंद्र हैं। ये कभी कभी लॉबी एक-दूसरे से टकराती हैं। निरुपम इस बात से नाराज थे कि मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट के लिए उनके नाम पर विचार नहीं किया जा रहा था। कांग्रेस ने यह सीट उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना) को चुनाव लड़ने के लिए दे दी। शिवसेना ने अमोल किरीटकर को उम्मीदवार घोषित किया था, जिन्हें संजय निरुपम ने खिचड़ी चोर कहा था।
संजय निरुपम ने तुरंत अपने अगले कदम के बारे में खुलासा नहीं किया, लेकिन एकनाथ शिंदे की सेना ने कहा कि उनके एक या दो दिनों में पार्टी में शामिल होने की उम्मीद है।