:: स्नेह नगर उद्यान से 15 महिला संगठनों की भागीदारी में निकली प्रभातफेरी का घर-घर हुआ स्वागत ::
इन्दौर । भादवी अमावस्या के पावन पर्व पर रविवार सुबह अग्रोहा कपल ग्रुप की मेजबानी में स्नेह नगर स्थित वृंदावन गार्डन से अग्रवाल नगर स्थित राणी सती दादी के मंदिर तक भव्य प्रभातफेरी के आयोजन में सैकड़ों महिलाएं सोलह श्रृंगार में सज-धजकर राजस्थानी चुनरी पहनकर मंगल गीत गाते हुए दादी की सुसज्जित पालकी को लेकर चलीं। विधायक गोलू शुक्ला भी शामिल हुए।
प्रभातफेरी के कारण समूचा क्षेत्र ’कीर्तन की है रात, दादी आज थारे आनो है… दे दे दादी थोड़ा प्यार तेरा क्या घट जाएगा… और दादी-दादी बोल’… जैसे भजनों से गुंजायमान बना रहा। प्रभातफेरी स्नेह नगर गार्डन से प्रारंभ होकर अग्रवाल नगर राणी सती मंदिर पर पूजा-अर्चना के साथ सम्पूर्ण हुई, जहां आरती, पूजन एवं दादी को सोलह श्रृंगार की सामग्री समर्पित की गई।
ग्रुप की ओर से संयोजक संगीता बागड़ी, निर्मला जिंदल, किरण तायल ,ऊषा बंसल ने बताया कि प्रभातफेरी में शहर के 15 प्रमुख महिला संगठनों की भागीदारी रहीं। वृंदावन गार्डन पर अलग-अलग क्षेत्रों की महिलाएं सोलह श्रृंगार एवं राजस्थानी चुनरी के परिधान में सज-धजकर आईं थी। विभिन्न महिला संगठनों की ओर से तृप्ति गोयल, सूरजदेवी बंसल, पिंकी अग्रवाल, शीतल तोड़ीवाला, सरिता रोहित बागड़ी , विनिता गोयल ,मीनू बंसल जयपुर वाले सुनीता कंदोई, राखी काबरा, चंचल अग्रवाल, पूजा बंसल आदि ने सभी व्यवस्थाएं संभाली। दादी की पालकी का फूलों से मनोहारी श्रृंगार किया गया था। शहनाई एवं वाद्य यंत्रों की मंगल ध्वनि के बीच पालकी को वृंदावन गार्डन से निर्धारित मार्गों से होते हुए अग्रवाल नगर स्थित दादी के मंदिर तक ले जाया गया। इस दौरान लगभग सभी कालोनियों में घर-घर दादी की पालकी का पूजन और प्रभात फेरी में शामिल महिलाओं का स्वागत किया गया। अग्रवाल समाज केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष राजेश बंसल, पूर्व अध्यक्ष अरविंद बागड़ी,विधायक गोलू शुक्ला, विष्णु बिंदल, पार्षद मृदुल अग्रवाल, संजय बांकड़ा, गोविंद सिंघल ,मनीष जिंदल, रमेश गुप्ता पीठेवाले, प्रहलाद दादा अग्रवाल ,नंदकिशोर कंदोई, विकास बंसल जयपुर वाले, ब्रज किशोर गोयल अंकुर अग्रवाल पालदा, राजेश कुंजीलाल गोयल ,राजेन्द्र गोयल समाधान, संजय हाईवे, पंकज काबरा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रभातफेरी में शामिल थे। अग्रवाल नगर स्थित दादी के मंदिर पर बनवारीलाल पोत्दार ने पालकी की अगवानी की। यहां महिलाओं ने पालकी की पूजा, आरती के बाद दादी को सुहाग की सामग्री भी भेंट की। अंत में संयोजक संगीता बागड़ी ने आभार माना।