एम वाय का डाक्टर लापता, हंगामे के बाद रिपोर्ट दर्ज, तलाश शुरू

इन्दौर | संयोगितागंज थाने में एक डाक्टर की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। गुमशुदा डॉ. हेमंत कुमार गिरवाल उम्र चालीस साल है वह एमवाय अस्पताल में पदस्थ है तथा गुरुवार दोपहर से लापता है। मामले में बताया जा रहा है कि दो दिन पहले एक सीनियर महिला डॉक्टर से टकराने के बाद उक्त महिला डॉक्टर ने उन्हें सार्वजनिक रूप से लताड़ उन पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था। यही नहीं उनसे उन् कमेटी के सामने माफीनामा भी लिखवाया था। इसी से वह आहत थे। घटना के विरोध में कई डॉक्टर एमवाय अस्पताल में जमा हो गए थे। उन्होंने कहा कि डॉ. गिरवाल पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। अगर उनका पता नहीं चला तो उग्र आंदोलन करेंगे। डॉक्टरों ने महिला डॉक्टर के लगाए आरोपों की जांच की मांग की थी। बताया जा रहा है कि डॉ. गिरवाल धार के रहने वाले थे और मेडिकल हॉस्टल में ही रहते थे। डॉ. गिरवाल की ड्यूटी ऑर्थोपेडिक ऑपरेशन थिएटर में थी। वे दो दिन पहले ओटी के इंस्ट्रूमेंट लेकर दूसरे यूनिट के ऑपरेशन थिएटर में गए थे। इस दौरान वे महिला डॉक्टर से टकरा गए थे। महिला डॉक्टर ने उन पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ था। हंगामे के बाद महिला डॉक्टर ने महिला सुरक्षा को लेकर बनी कमेटी में शिकायत कर दी थी। इसमें जब डॉ. गिरवाल को बयान के लिए बुलाया गया तो उन्होंने कहा कि मैं जानबूझकर नहीं टकराया और न ही छेड़छाड़ की। महिला डॉक्टर ने उनसे माफीनामा लिखवाया। इसके बाद से डॉ. गिरवाल काफी विचलित थे। यही नहीं कमेटी ने डॉ. गिरवाल को घटना के बाद ऑर्थेापेडिक ऑपरेशन थिएटर की ड्यूटी से मुक्त कर दिया। इससे भी वे काफी आहत दिख रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर डाक्टर की तलाश शुरू कर दी है।