35 सबसे ठंडे शहरों में से 10 मध्य प्रदेश के
नई दिल्ली । देश में इनदिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। राजस्थान,पंजाब, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में तापमान न्यूनतम स्तर पर पहुंच चुका है। कई इलाकों में शीतलहर का कहर जारी है, जबकि दक्षिणी राज्यों में बारिश का अलर्ट है।
जहां राजस्थान के करौली में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर और उदयपुर सहित कई जगहों पर गाड़ियों पर बर्फ जम गई। अगले 4-5 दिन यहां ठंड और शीतलहर जारी रहेगी। वहीं पंजाब के फरीदकोट में पहली बार रात का तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अबोहर में पारा 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे राज्य में औसत तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
वहीं देश के उत्तर भाग में जम्मू-कश्मीर में ठंड का प्रकोप चरम पर है। श्रीनगर में डल झील के साथ कई जलाशय जमने लगे हैं। बारामूला के तंगमर्ग में 30 मीटर ऊंचा द्रंग झरना ठंड के कारण जम गया है।
इस बार देश के मध्य में स्थित मध्यप्रदेश में भी सर्दी नए आयाम स्थापित कर रही है। देश के 35 सबसे ठंडे शहरों में से 10 मध्य प्रदेश के हैं। पचमढ़ी में तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। भोपाल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस रहा, जहां लगातार चौथे दिन शीतलहर चली। यह दिसंबर में एक नया रिकॉर्ड है।
वहीं दूसरी ओर देश के दक्षिण भाग में तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल और पुडुचेरी में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 45-55 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
19 दिसंबर को राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में शीतलहर जारी रहेगी। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र और केरल में बिजली चमकने के साथ भारी बारिश होगी।
20 दिसंबर को ओडिशा और दक्षिण भारत में बारिश की संभावना। राजस्थान में घना कोहरा और शीतलहर का अनुमान। हिमाचल और पंजाब में पाला पड़ने की संभावना है।
21 दिसंबर को पंजाब, हिमाचल, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में शीतलहर। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान।