भारत बुनियादी ढांचे के विकास में दुनिया का नंबर एक देश बनने की दिशा में अग्रसर : अमित शाह

अहमदाबाद | केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि ढांचागत विकास के मामले में गुजरात देश का नंबर एक राज्य है| साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत बुनियादी ढांचे के विकास में दुनिया का नंबर एक देश बनने जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क, तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क और चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह अहमदाबाद वीरमगाम रेलवे लाइन के ऊपर साणंद-चेखला-काडी रोड पर बने एक किलोमीटर लंबे चार लेन के रेलवे ओवरब्रिज का ई-उद्घाटन के अवसर पर बोल रहे थे। यह ओवरब्रिज साणंद तहसील के निधराड गांव की सीमा पर मुनिबावा के आश्रम के पास रेलवे फाटक पर बनाया गया है। साणंद तालुका को कड़ी और गांधीनगर से जोड़ने वाली सड़क, रेलवे ओवर ब्रिज के कारण यातायात की समस्या हल हो गई है और साणंद के उद्योगों और कारखानों के लिए माल की आवाजाही तेज होगी। केंद्रीय मंत्री ने चिलोडा-गांधीनगर-सरखेज राजमार्ग पर छारोडी जंक्शन के पास पुल और नर्मदा नहर पर नए चार-लेन पुल का भी ई-लोकार्पण किया। इसके अलावा, उन्होंने गांधीनगर जिले के कलोल तालुका के मोटी भोयण-वांसजडा-वामज सड़क के पुनरुद्धार कार्य का भी ई-शिलान्यास किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत देशवासियों को होली 2025 की शुभकामनाएं देकर की| उन्होंने कहा कि वर्तमान में तीन परियोजनाओं का ई-उद्घाटन और उनका वर्चुअल शिलान्यास किया जा रहा है। महत्वपूर्ण विकासों में से एक साणंद-चेखला-कड़ी रोड पर अहमदाबाद-वीरमगाम रेलवे ट्रैक पर लगभग 1 किमी लंबे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण है, जिसमें 60 करोड़ का निवेश शामिल है। अमित शाह ने कहा कि एक बार ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो जाने पर, स्थानीय निवासियों की दैनिक आवागमन की सुविधा में काफी वृद्धि होगी। इस मौके पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत में फोर-लेन हाईवे की संख्या ढाई गुना बढ़ गई है| देश में हर दिन 36.5 किमी लंबी नई सड़कें बन रही हैं और राजमार्गों की संख्या में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में गुजरात के साणंद-कलोल जैसे छोटे शहर तेजी से विकास कर रहे हैं। भारत सरकार साणंद में 500 बिस्तरों वाला अस्पताल बनाएगी। इसके अलावा गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में एक बड़ा सिविल अस्पताल भी बनाया जाना है| साथ ही, कलोल में भारत सरकार द्वारा एक मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण भी किया जाना है। उन्होंने आगे कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में कोई भी नागरिक अपने घर से 20 किमी के भीतर मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर सकता है। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एनर्जी पार्क गुजरात में बनाया जा रहा है। एशिया की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड सिटी धोलेरा, फाइनेंस टेक सिटी गिफ्ट सिटी, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट जैसे मेगा प्रोजेक्ट से गुजरात को फायदा हो रहा है। जो गुजरात के ढांचागत विकास को दर्शाता है|