वेलिंगटन । न्यूजीलैंड में मंगलवार को भूकंप के झटके लगे। भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक रात 2:43 बजे पर आया। यह एक शक्तिशाली भूकंप है, जिसकी तीव्रता 6.8 थी। यह जानकारी संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने दी है। भूकंप की गहराई 33 किमी रही। जियोनेट की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटे में न्यूजीलैंड के अलग-अलग इलाकों में 8 भूकंप आए हैं। नेपियर में मंगलवार सुबह पहला भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 2.7 थी, जिसे बेहद कमजोर बताया गया।
बता दें कि न्यूजीलैंड प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है, जहां भूकंपीय गतिविधियां और ज्वालामुखी विस्फोट आम हैं। रिंग ऑफ फायर 40,000 किमी की एक लंबी पट्टी है, जो दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी सिरे से लेकर, उत्तरी अमेरिका के पश्चिमी तट, बेरिंग जलडमरूमध्य, जापान से होते हुए न्यूजीलैंड तक फैली है।वेलिंगटन के उत्तर-पूर्व में सुबह 3:43 बजे 3.5 की तीव्रता का झटका लगा। स्नेरेस द्वीप के उत्तर-पश्चिम में 6.8 की तीव्रता का भूकंप आया, जिसे मध्यम श्रेणी में रखा गया। 6.8 की तीव्रता वाला भूकंप नुकसान पहुंचा सकता है, लेकिन फिलहाल कोई बड़ी तबाही की सूचना नहीं मिली है। झटके पूरे न्यूजीलैंड में महसूस किए गए। भूकंप शुरू में 7.0 तीव्रता का दर्ज किया गया था।