तमिलनाडु को 8300 करोड़ की सौगात देकर बोले पीएम मोदीश्रीराम का जीवन राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार


चेन्नई । तमिलनाडु में प्रधानमंत्री मोदी ने 8300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने एक विशाल जनसभा को भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज राम नवमी का पावन पर्व है, अब से कुछ समय पूर्व अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला का सूर्य की किरणों ने भव्य तिलक किया है। भगवान श्रीराम का जीवन, उनके राज्य से मिलने वाली सुशासन की प्रेरणा राष्ट्र निर्माण का बड़ा आधार है।
उन्होंने कहा कि बीते 10 वर्षों में भारत ने अपनी इकोनॉमी का साइज दोगुना किया है। इतनी तेज ग्रोथ का एक बड़ा कारण हमारा शानदार मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर भी है। बीते 10 वर्षों में हमने रेल, रोड, एयरपोर्ट, पानी, पोर्ट, बिजली, गैस पाइप लाइन… ऐसे इंफ्रास्ट्रक्चर का बजट करीब 6 गुना बढ़ाया है।
तेजी से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में बहुत तेजी से बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम हो रहा है। आप उत्तर में देखेंगे तो जम्मू कश्मीर में दुनिया के सबसे ऊंचे रेल ब्रिज में से एक चिनाब ब्रिज बना है। पश्चिम में जाएंगे तो मुंबई में देश का सबसे लंबा सी ब्रिज अटल सेतु बना है। पूर्व में जाएंगे तो असम के बोगीबील ब्रिज के दर्शन होंगे। दक्षिण में आते हैं तो दुनिया के गिने-चुने वर्टिकल लिफ्ट ब्रिज में से एक पंबन ब्रिज का निर्माण पूरा हुआ है।
दुनिया में भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में भारत के प्रति आकर्षण बढ़ा है, लोग भारत को जानना चाहते हैं, भारत को समझना चाहते हैं। इसमें भारत के कल्चर का, हमारी सॉफ्ट पावर का भी बड़ा रोल है। उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा और भलाई सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है। भारत सरकार के समर्पित प्रयासों से पिछले एक दशक में 3,700 से अधिक मछुआरों को श्रीलंका से सफलतापूर्वक वापस लाया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले साल ही 600 से अधिक मछुआरों को रिहा किया गया। हमारे कुछ मछुआरों को मृत्युदंड का भी सामना करना पड़ा। हालांकि, हमने देश में उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निर्णायक कदम उठाए।
हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो रहा
पीएम मोदी ने कहा कि आज रामनवमी है, रामेश्वरम की पवित्र भूमि है, तो मेरे लिए कुछ भावुक पल भी है। आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है। सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के जिस लक्ष्य को लेकर हम चल रहे हैं, उसमें भाजपा के हर एक कार्यकर्ता का परिश्रम है। तीन-तीन, चार-चार पीढिय़ां मां भारती के जय जयकार के लिए खप गई हैं। मेरे लिए गर्व की बात है कि भाजपा के उस विचार ने, भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने आज हमें देश की सेवा का अवसर दिया है। आज देश के लोग भाजपा सरकारों का गुड गर्वनेंस देख रहे हैं, राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णय देख रहे हैं और हर हिंदुस्तानी का सीना चौड़ा हो रहा है।