अहमदाबाद | गुरुवार की दोपहर अहमदाबाद में विमान हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का निधन हो गया है| केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री और गुजरात प्रदेश भाजपा प्रमुख सीआर पाटील ने इसकी पुष्टि कर दी है| विजय रूपाणी गुरुवार की दोपहर लंदन के लिए उड़ान भरने वाले विमान में सवार 242 यात्रियों में से एक थे। रिपोर्ट्स बताती हैं कि विजय रूपाणी का नाम फ्लाइट मेनिफेस्ट में यात्री संख्या 12 के रूप में सूचीबद्ध था। उन्हें जेड क्लास में बुक किया गया था, जो बिजनेस क्लास श्रेणी में आता है। विमान हादसे को लेकर केन्द्रीय मंत्री सीआर पाटील ने गहरा दुख व्यक्त किया है और इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की आत्मा को शांति के लिए प्रार्थना की| साथ ही उन्होंने कहा कि यह भाजपा परिवार के लिए बहुत बड़ा सदमा है। गुजरात पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन को कभी नहीं भूल सकता। हम प्रार्थना करते हैं कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। बता दें कि विजय रूपाणी भाजपा के वरिष्ठ नेता और गुजरात के 16वें मुख्यमंत्री थे| विजय रूपाणी 2016 से 2021 गुजरात के मुख्यमंत्री रहे|