राहुल ने चुनाव आयोग को भाजपा का विंग बताने पर भड़के धर्मेंद्र प्रधान

नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए नाच न जाने आंगन टेढ़ा कहावत का उपयोग किया है। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में संविधान बचाओ सम्मेलन को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। इस पर भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री प्रधान भड़क उठे। राहुल ने रैली में कहा कि चुनाव आयोग (ईसीआई) अब भाजपा का एक विंग बन चुका है और बिहार में भी महाराष्ट्र जैसी चुनाव चोरी की साजिश रची जा रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने उन पर करारा हमला बोला है।
प्रधान ने कांग्रेस की भुवनेश्वर रैली को राजनीतिक पर्यटन करार देते हुए एक्स पर लिखा कि राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी द्वारा भुवनेश्वर, ओडिशा में आयोजित संविधान बचाओ रैली दरअसल कांग्रेस के शहज़ादे का एक और राजनीतिक पर्यटन था। यह संविधान बचाओ नहीं बल्कि ‘राहुल गांधी और कांग्रेस बचाओ’समावेश है। ओडिशा में भाजपा की जनहितैषी सरकार के प्रति जनता का अडिग विश्वास कांग्रेस को परेशान कर रहा है। ओडिशा में कांग्रेस का कोई वजूद और अस्तित्व ही नहीं है, ओडिशा के गरीब, दलित, आदिवासी, किसान और मजदूरों ने कांग्रेस को दशकों पहले नकार दिया था। ऐसे में राहुल गांधी का ओडिशा के गरीबों के हित की बात करना छलावे के अतिरिक्त कुछ नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से गरीबों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करने का रहा है। कांग्रेस की सरकारों द्वारा दिल्ली से भेजे गए पैसों को कभी बिचौलिए लूट लेते थे, तो कभी एससी एसटी और पिछड़े वर्गों के हक को अपने खास वोटबैंक को कांग्रेस समर्पित कर देती थी। स्पष्ट शब्दों में कहें तो गरीबों का हक और आदिवासियों की जमीन तभी तक सुरक्षित है, जब तक कांग्रेस सत्ता में नहीं है। भाजपा नेता ने कहा कांग्रेस की महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में करारी हार हुई है, जिसके बाद राहुल गांधी और खड़गे जी चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ रहे हैं। हैरानी यह भी है कि संविधान बचाने का उपदेश वह कांग्रेस पार्टी दे रही है, जिसने लोकतंत्र का गला घोंटते हुए, संविधान को रौंदते हुए देश पर आपातकाल थोप दिया था।
प्रधान ने कहा है कि राहुल गांधी की हालत आज, नाच न जाने, आंगन टेढ़ा जैसी है, बार-बार चुनावी हार के बाद एक बार फिर बिहार के आगामी चुनावों में हार को देखते हुए कांग्रेस पार्टी वोट चोरी का नया शिगूफा लेकर आई है। मगर, ओडिशा सहित देश की जनता, कांग्रेस और राहुल गांधी के हर प्रपंच व फरेब को अब पहचान चुकी है और आगे भी ऐसे जनविरोधी और संविधान विरोधियों को हर चुनाव में जनता करारा जवाब देती रहेगी।