रुस में भूकंप के बाद अमेरिका और जापान में तबाही की आशंका, जारी किया अलर्ट

जापान के तात्सुकी ने 2025 में भारी आपदा आने की भविष्यवाणी की थी
टोक्यो । रूस के कामचात्का में आए भीषण भूकंप के बाद अमेरिका और जापान के कुछ इलाकों में भी तबाही की आशंका जताई जा रही है। एक ओर जहां रूस ने प्रभावित इलाकों में आपातकाल लागू कर दिया है। वहीं, अमेरिका और जापान में अलर्ट जारी किया गया है। दोनों देशों के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच जापान के बाबा वेंगा कहे जाने वाले रियो तात्सुकी की भविष्यवाणी सच होती नजर आ रही है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक तात्सुकी ने कहा था कि जापान में जुलाई 2025 में आपदा आ सकती है। तात्सुकी की ये भविष्यवाणियां 2021 में दोबारा प्रकाशित हुई 1999 की मांगा किताब में 5 जुलाई को भयावह आपदा की चेतावनी दी गई थी। किताब में तात्सुकी ने जापान और फिलीपींस में समुद्र के अंदर एक बड़ी दरार बनने का दावा किया था। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि साल 2011 में हुई तोहोकु आपदा से तीन गुना बड़ी सुनामी आएगी। खास बात है कि इस भविष्यवाणी के चलते पहले ही कई लोगों ने जापान जाने की योजना रद्द कर दी थी।
जापान ने रूस के कामचात्का प्रायद्वीप के पूर्वी तट पर आए शक्तिशाली भूकंप के बाद बुधवार को प्रशांत तट के बड़े इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है। जापान की मौसम एजेंसी ने बुधवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 9:40 बजे यह चेतावनी जारी की। चेतावनी में सुनामी की लहरों के तीन मीटर तक ऊंची उठने की आशंका जताई गई है। यह चेतावनी होक्काइडो से वाकायामा प्रान्त तक के तटीय क्षेत्रों को कवर करती है अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से ऊंचे स्थान पर जाने की अपील कर रहे हैं।