:: राज्य सरकार के दो साल बेमिसाल, जनता के सपनों को पूरा करने वाली सरकार: मंत्री सिलावट ::
इंदौर । इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने आज एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 बीएलसी घटक के अंतर्गत चयनित 74 हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 74 लाख रुपये की राशि वितरित की। प्रत्येक हितग्राही को स्वीकृति पत्र के माध्यम से प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की राशि अंतरित की गई।
सांवेर नगर परिषद में कुल 98 हितग्राहियों का चयन किया गया है, जिनमें से प्रथम DPR के अनुसार 74 पात्र हितग्राहियों को उनके आवास निर्माण हेतु पहली किश्त दी गई है।
:: विकास और जवाबदेही पर जोर ::
मंत्री सिलावट ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनता के सपनों को पूरा करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने बताया कि सांवेर नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 13 करोड़ रुपये के आवास स्वीकृत किए गए हैं, और अब तक नगर परिषद में 563 पात्र हितग्राहियों को राशि जारी की जा चुकी है।
मंत्री ने प्रशासनिक व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को पानी, सड़क, बिजली, सफाई और परिवहन जैसी मूलभूत सुविधाओं पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए हैं और चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी।
:: बेमिसाल दो साल ::
सिलावट ने राज्य सरकार के दो साल के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए कहा कि इन वर्षों में मध्यप्रदेश में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने नर्मदा परियोजना, सड़क, पानी, बिजली एवं शिक्षा जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व काम होने का उल्लेख किया और कहा कि इंदौर की तरह सांवेर भी स्वच्छता एवं विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने सभी हितग्राहियों से आग्रह किया कि वे प्राप्त राशि से अपने आवास का निर्माण समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से कराएं। कार्यक्रम में भारत सिंह चौहान, सुरेश सिंह पंवार धनखेड़ी, सतीश मालवीय, संदीप चांगेडीया सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

