टोरी कॉर्नर से राजवाड़ा तक परखा मार्ग; रंगपंचमी पर हुरियारों के निकलते ही शुरू होगा विशेष सफाई अभियान ::
इंदौर । इंदौर की विश्व प्रसिद्ध और पारंपरिक गेर यात्रा को सुव्यवस्थित व सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने गुरुवार प्रातः 7:00 बजे टोरी कॉर्नर और कुंड चौराहा से संपूर्ण गेर मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग की सुरक्षा, सफाई और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गेर मार्ग में आने वाले जर्जर और खतरनाक भवनों व संरचनाओं को चिन्हित कर तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संकरे मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और पर्याप्त बैरिकेडिंग सुनिश्चित की जाए ताकि हुरियारों और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त ने राजवाड़ा और गोपाल मंदिर जैसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इन स्थलों को तिरपाल के माध्यम से कवर करने के कार्यों का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि धरोहरों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही मार्ग में आवश्यक पैच वर्क और मरम्मत कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
:: गेर के पीछे चलेगा सफाई का कारवां ::
स्वच्छता में नंबर वन इंदौर की साख बनाए रखने के लिए आयुक्त ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रंगपंचमी पर जैसे ही गेर संपन्न होगी, उसके तत्काल बाद संपूर्ण मार्ग और संपर्क सड़कों पर विशेष सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त संसाधन और सफाई मित्रों की टीमें तैनात की जाएंगी ताकि शहर के प्रमुख बाजार कुछ ही घंटों में पुनः स्वच्छ नजर आएं।
:: सीसीटीवी और पेयजल की व्यवस्था ::
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और भीड़ प्रबंधन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने को कहा गया है। आयुक्त ने गेर मार्ग पर पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता और सुरक्षा बलों के सहयोग के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त, झोनल अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी और भवन अधिकारी उपस्थित रहे।

