अभिनेता गुलशन देवैया अपनी 2023 में रिलीज़ हुई फिल्म 8A.M. Metro को लेकर बेहद भावुक और आभारी महसूस कर रहे हैं। फिल्म को हाल ही में अमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर डिजिटल रिलीज़ के बाद दर्शकों से काफी प्यार मिल रहा है। गुलशन देवैया और सैयामी खेर की मुख्य भूमिकाओं वाली इस फिल्म को नए निर्देशक राज राचकोंडा ने लिखा और निर्देशित किया है। दर्शकों से मिल रहे इस प्यार पर प्रतिक्रिया देते हुए गुलशन ने भावुक होकर कहा, “8A.M. Metro को अब जो प्यार मिल रहा है, वह मेरे लिए किसी अनमोल तोहफे से कम नहीं है। उन्होंने कहा, “आज की दुनिया में जहां हर तरफ शोर, तनाव और आक्रामकता है, वहां ऐसी फिल्मों की बहुत ज़रूरत है। हमें दुख और संवेदनाओं से भरी कहानियों की भी ज़रूरत है।जब यह फिल्म 2023 में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी, तब इसका प्रदर्शन बहुत सीमित था। न कोई बड़ी प्रमोशन थी, न बड़ा मार्केटिंग अभियान और न ही बहुत बड़े स्तर पर रिलीज़। बॉक्स ऑफिस पर इसने ज़्यादा शोर नहीं मचाया, लेकिन कहीं न कहीं हमें पता था कि हमने एक ईमानदार फिल्म बनाई है। आज जब लोग इसे OTT पर देख रहे हैं और उससे इतनी गहराई से जुड़ रहे हैं, तो यह मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला अनुभव है।”

