बिना ठोस कारण ऋण नामंजूर करने पर होगी कार्रवाई, बैंक अधिकारियों की बैठक में दिए सख्त निर्देश ::
इंदौर । कलेक्टर शिवम वर्मा ने शासकीय एवं रोजगार मूलक योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग और बैंक आपसी समन्वय से कार्य करते हुए 31 मार्च तक आवंटित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार भी विशेष रूप से उपस्थित थे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हितग्राहियों के ऋण प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर स्वीकृत कर वितरण प्रक्रिया तेज की जाए। यदि कोई ऋण आवेदन अस्वीकृत किया जाता है, तो उसका ठोस कारण दर्ज करना अनिवार्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना स्पष्ट कारण के ऋण आवेदन खारिज करने वाले बैंक अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन प्राप्त अस्वीकृत प्रकरणों की रेंडम समीक्षा करेगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि किसी पात्र हितग्राही का आवेदन अनुचित रूप से खारिज न किया गया हो।
:: इन योजनाओं पर रहा विशेष जोर ::
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुँचना चाहिए। इस प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
:: साप्ताहिक होगी समीक्षा ::
लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन ने रणनीति तैयार कर ली है। कलेक्टर ने घोषणा की है कि 31 मार्च तक प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें बैंकवार प्रगति का आकलन किया जाएगा। अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार ने भी बैंकों को निर्देशित किया कि वे अपने लंबित प्रकरणों की स्थिति में तुरंत सुधार लाएं और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रति तत्परता दिखाएं।

