इस हफ्ते इंडियन आइडल का मंच एक बेहद भावुक एपिसोड का गवाह बनेगा, जब शो में सदाबहार गायकों मोहम्मद रफ़ी और मुकेश को याद किया जाएगा। इस खास शाम में मशहूर संगीतकार प्यारेलाल शर्मा की मौजूदगी रहेगी। एपिसोड का सबसे भावुक पल तब सामने आता है जब कंटेस्टेंट तनीष्क शुक्ला दिल से गाया हुआ गीत ‘तू कहीं आस पास है’ प्रस्तुत करते हैं। उनकी प्रस्तुति से दर्शक गहराई से प्रभावित हो जाते हैं और माहौल और भी भावुक हो उठता है, जब महान गायक मोहम्मद रफ़ी के बेटे शाहिद रफ़ी अपने पिता की यादें ताज़ा करते हैं।
शाहिद रफ़ी ने एक भावुक किस्सा सुनाते हुए कहा, “रफ़ी साहब का आख़िरी गाना था और उसे लक्ष्मीकांत प्यारे लाल जी ने कंपोज़ किया था। वही उनका आख़िरी गाना था। दो दिन बाद डैड का निधन हो गया। उसी दिन रिहर्सल थी और उन्होंने रिहर्सल की। रिहर्सल के दौरान उनके सीने में दर्द उठा। उन्होंने दवा ली, मम्मा को शक हुआ और उन्होंने कहा डॉक्टर को बुलाओ। डॉक्टर तुरंत आए। महिम से बॉम्बे हॉस्पिटल जाते वक्त एम्बुलेंस में तीन अटैक आए। ज़्यादा से ज़्यादा पाँच मिनट में डॉक्टर ने कहा, ‘सॉरी, वह अब नहीं रहे।’” यह कहते हुए शाहिद रफ़ी भावुक हो गए।

