नई दिल्ली । चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आज सातवें दिन मां दुर्गा के अत्यंत ओजस्वी स्वरूप, मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना की जा रही है। इस विशेष तिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित देश के प्रमुख राजनेताओं ने समस्त देशवासियों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मां कालरात्रि को नमन करते हुए एक संस्कृत श्लोक साझा किया। उन्होंने प्रार्थना की कि देवी के आशीर्वाद से सभी का जीवन साहस, संकल्प और सफलता से परिपूर्ण हो। प्रधानमंत्री द्वारा साझा किए गए सुभाषित में मां के उस दिव्य स्वरूप का वर्णन किया गया है जो श्याम वर्ण वाली हैं, मस्तक पर गौरवशाली ध्वजा धारण करती हैं और काल का नाश करने वाली हैं। उन्होंने मां कालरात्रि के चरणों में शीश नवाते हुए समाज में सकारात्मक ऊर्जा के संचार की कामना की।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस अवसर पर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। नितिन नवीन ने पोस्ट के माध्यम से कामना की कि मां कालरात्रि सभी के जीवन से भय और अज्ञान के अंधकार को मिटाकर साहस और सुरक्षा प्रदान करें। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मां के सप्तम स्वरूप की वंदना करते हुए कहा कि मैया अपने भक्तों पर सदैव कृपा बनाए रखें। उन्होंने हर घर में सुख, समृद्धि और आनंद की वर्षा होने की प्रार्थना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां कालरात्रि को दुष्टों का संहार करने वाली और शुभ फल प्रदायिनी बताते हुए नमन किया। उन्होंने जगत के कल्याण और शांति के लिए देवी से आशीर्वाद मांगा। साथ ही, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि मां कालरात्रि भय और अंधकार का नाश कर लोगों के जीवन में ज्ञान और विवेक का प्रकाश फैलाएं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां कालरात्रि का स्वरूप अत्यंत भयंकर होते हुए भी वे भक्तों के लिए अत्यंत शुभ फल देने वाली हैं, इसलिए उन्हें शुभंकरी भी कहा जाता है। देश भर के मंदिरों में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है, जहां भक्त विधि-विधान से मां की आराधना कर रहे हैं।

