बेकरी में लगी भंयकर आग, 10 टैंकर पानी छिड़क पाया काबू

इंदौर

इन्दौर गर्मी की शुरूआत के साथ ही शहर में आग लगने की घटनाएं भी शुरू हो गई है। ब्रजेश्वरी कालोनी में हुए दर्दनाक अग्निकांड से शुरू इस सिलसिले के बाद लगातार शहर में आग लगने की घटनाओं कि सूचना दर्ज हो रही है इसी क्रम में आज सुबह धार रोड स्थित सिंहासा गांव की एक बेकरी में आग लग गई जो इतनी विकराल थी कि उसका धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। सूचना के बाद तत्काल मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जिसके चलते वहां आसपास स्थित नमकीन के कारखाने और गोदामों पर मंडराता खतरा टल गया।
फायर ब्रिगेड के अनुसार सिहांसा की सुफ्फा बेकरी में सुबह आठ बजे के करीब लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई थी। सूचना मिलते ही दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 10 टैकर पानी छिड़क आग पर काबू पाया गया। घटना के समय बेकरी के अंदर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। अंदर जले मटेरियल के कारण अभी भी धुआं निकल रहा है जिसके चलते एहतियातन दमकल टीम मौके पर तैनात है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि विस्तृत जांच अभी जारी है।