वैश्विक संकट में भी भारत मजबूत, एकता और विदेश नीति बनी सबसे बड़ी ताकत: प्रधानमंत्री

ताज़ा खबर देश

दुनिया में युद्ध और अस्थिरता के बीच भारत ने ईंधन कीमतों और महंगाई को रखा नियंत्रण में, विपक्ष पर अफवाह फैलाने का आरोप
बनासकांठा | गुजरात के एक दिवसीय दौर पर आए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया| साथ ही वैश्विक संकट के बीच विपक्ष की राजनीति पर कड़े प्रहार किए| प्रधानमंत्री ने कहा कि कठिन समय में, चाहे कितनी भी चुनौतियाँ क्यों न हों, हमारे देश के नागरिक एकजुट होकर खड़े रहते हैं। हाल के समय में आपने देखा होगा कि दुनिया के कई देश युद्ध, असंतोष और अस्थिरता से प्रभावित हैं। पश्चिम एशिया में उत्पन्न स्थिति का प्रभाव पूरे विश्व पर पड़ा है।
ऊर्जा की जरूरतें जैसे डीज़ल, पेट्रोल और गैस की कमी पूरी दुनिया में बढ़ गई है। ऐसे संकट के समय में भी भारत ने स्थिति को नियंत्रण में रखा है। इसके पीछे देश की सफल विदेश नीति और नागरिकों की एकता का बड़ा योगदान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक संकट और अस्थिरता के बीच भी भारत ने अपनी सफल विदेश नीति के कारण ईंधन की कीमतों और महंगाई को नियंत्रित रखा है।
उन्होंने यह भी कहा कि कुछ राजनीतिक दल वैश्विक संकट के समय में भी अपने राजनीतिक लाभ के लिए प्रयास कर रहे हैं। जब देश को एकता और सहयोग की आवश्यकता है, तब विपक्षी नेता देश को विभाजित करने का प्रयास कर रहे हैं। जब देश को विश्वास और सहयोग की जरूरत है, तब डर और अफवाहें फैलाने की कोशिश की जा रही है। जब देश को संयम और धैर्य की आवश्यकता है, तब लोगों को भड़काने का प्रयास हो रहा है।
विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि जब देश को एकता की जरूरत है, तब विपक्ष भय और अफवाह फैलाकर देश को बांटने का काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि वैश्विक मंच पर भारत की छवि खराब करने के प्रयास हो रहे हैं, जिससे जनता को सतर्क रहना चाहिए।