बीजेपी का स्थापना दिवस समारोह पार्टी ध्वजारोहण के साथ शुरू, कार्यकर्ताओं ने की सेल्फी अपलोड

इंदौर

इन्दौर | जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय दीनदयाल उपाध्याय भवन पर आज भाजपा का स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे पार्टी ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वजारोहण नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने किया। कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, भाजपा जिंदाबाद, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अमर रहें, जहां हुए बलिदान मुखर्जी वो कश्मीर हमारा है के नारे लगाए। इस अवसर पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण जटिया, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, महेंद्र हार्डिया, वरिष्ठ नेता नारायण केसरी, बाबूसिंह रघुवंशी और नगर महामंत्री सुधीर कोल्हे, कैलाश पिपले, स्थापना दिवस प्रभारी महामंत्री महेश कुकरेजा, नगर पदाधिकारी राजा कोठारी, रितेश शर्मा, हरप्रीत सिंह बक्शी, वरूण पाल व कमल गोस्वामी आदि मौजूद रहे। भाजपा के प्रदेश कार्यालय से मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने वर्चुअली सभी जिलों में संबोधित किया और कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई दी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घर पर पार्टी का झंडा लगाया। साथ ही मोबाइल फोन पर सेल्फी लेकर सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड की। सभी बूथों पर भी स्थापना दिवस मनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके पूर्व कल रात भाजपा कार्यालय पर रोशनी की गई और महिला मोर्चा की महिलाओं ने रंगोली बनाकर उस पर दीए लगाए थे।