मैं इसे अपनी वापसी नहीं कहूँगा

मनोरंजन

अभिनेता-होस्ट राजीव खंडेलवाल एक बार फिर अपने खास अंदाज़ और गहराई के साथ टेलीविज़न पर लौट रहे हैं, लेकर आ रहे हैं तुम हो ना – घर की सुपरस्टार। 28 अप्रैल रात 9:00 बजे प्रीमियर शुरू होने वाला यह शो सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक जश्न और भावनाओं का संगम होगा। राजीव खंडेलवाल ने बताया कि मैं इसे अपनी वापसी नहीं कहूँगा। मैं इतने सालों से हर माध्यम का हिस्सा रहा हूँ कि जब भी मैं किसी माध्यम में काम करता हूँ, तो मुझे लगता है कि मैं उसी में लौट आया हूँ। यही खूबसूरती है अलग-अलग माध्यमों का हिस्सा बनने की। आप कुछ समय उस माध्यम से दूर रहते हैं, और फिर जब उसमें कोई नया प्रोजेक्ट करते हैं, तो लोग कहते हैं कि आप कमबैक कर रहे हैं। मेरे लिए, सच कहूँ तो यह शो उन सभी महिलाओं को मेरी श्रद्धांजलि है जिन्होंने मुझे इतने सालों तक खास महसूस कराया है और हमेशा बहुत कुछ दिया है। मैं एक ऐसा शो करना चाहता था जो पूरी तरह उन्हें समर्पित हो और उनके योगदान का जश्न मनाए।