सिंहस्थ-2028 की तैयारी : एमडी सुनील तिवारी ने दिए कार्यों के चरणबद्ध मॉनिटरिंग के निर्देश

मध्य प्रदेश

:: पीईआरटी चार्ट के अनुसार समय सीमा में काम पूरा करने पर जोर; आयोजन से एक वर्ष पूर्व लक्ष्य हासिल करने का लक्ष्य ::
इंदौर । सिंहस्थ-2028 के सफल आयोजन के लिए मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने अभी से अपनी तैयारी तेज कर दी है। कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने हाल ही में आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक में उज्जैन क्षेत्र के अधिकारियों को सिंहस्थ से जुड़े कार्यों में पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने बैठक में स्पष्ट किया कि सिंहस्थ जैसा विशाल आयोजन प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसे देखते हुए सभी कार्यों को पीईआरटी चार्ट के अनुसार चरणबद्ध और समयबद्ध ढंग से मॉनिटर किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यों की प्रगति, निर्धारित समय-सीमा और अधिकारियों के उत्तरदायित्वों का स्पष्ट निर्धारण इस तरह किया जाए कि सभी बुनियादी तैयारियां आयोजन से कम से कम एक वर्ष पूर्व पूरी कर ली जाएं।
:: बाधाओं को पहचानें, गुणवत्ता से समझौता नहीं ::
बैठक के दौरान एमडी सुनील तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करें। किसी भी कार्य में आने वाली संभावित बाधाओं की पहचान पहले ही कर ली जाए, ताकि उनका समय रहते निराकरण किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की गति बढ़ाने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
अधिकारियों ने विभिन्न प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की, जिस पर प्रबंध संचालक ने संतोष जताते हुए उन्हें निर्धारित लक्ष्यों से भी पहले काम पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।