ट्रम्प की टिप्पणी पर इंदौर में उबाल; संतों और समाजसेवियों ने किया सदबुद्धि महायज्ञ

इंदौर

:: सनातन संस्कृति संस्थान के बैनर तले विरोध प्रदर्शन; कहा- भारत के अपमान पर ट्रम्प माँगें माफी, वरना तेज होगा आंदोलन ::
इंदौर । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारत के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणी ने इंदौर के संतों, विद्वानों और समाजसेवियों को आक्रोश से भर दिया है। रविवार को एयरपोर्ट रोड स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर सनातन संस्कृति संस्थान एवं श्रद्धा सुमन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में एक सदबुद्धि महायज्ञ एवं हवन का आयोजन किया गया। इस दौरान संतों ने ट्रम्प की टिप्पणी को 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताते हुए उन्हें सद्बुद्धि देने की ईश्वर से प्रार्थना की।
महायज्ञ के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ट्रम्प सत्ता के मद में यह भूल गए हैं कि आज अमेरिका में मेडिकल और आईटी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारतीय प्रतिभाओं का ही दबदबा है। ट्रम्प द्वारा भारत को नरक कहे जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा गया कि यह न केवल भारत का, बल्कि सनातन धर्मावलंबियों का भी अपमान है। विरोध कर रहे प्रबुद्धजनों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि ट्रम्प को अपने बयान के लिए बिना शर्त माफी माँगनी चाहिए, अन्यथा देश भर में उनका विरोध और अधिक तीव्र होगा। हंसदास मठ पर आयोजित इस अनुष्ठान में महामंडलेश्वर स्वामी रामचरण दास महाराज, महामंडलेश्वर महंत पवनदास महाराज, महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरुप, साध्वी आदित्य चेतना गिरी महाराज, स्वामी अतुलानंद सरस्वती, महंत स्वामी यजत्रदास, स्वामी राजानंददास एवं स्वामी अमितदास सहित अनेक संतों ने आहुतियाँ समर्पित कीं। इस दौरान सनातन धर्म को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प भी लिया गया।
इस आयोजन में सनातन संस्कृति संस्थान के हरि अग्रवाल, अशोक गोयल, भावेश दवे, श्रद्धा सुमन सेवा समिति के राजेंद्र सोनी, राजेंद्र गर्ग, मुरली धामानी, निरंजन पुरोहित, महेंद्र विजयवर्गीय, विनय जैन, डॉ. चेतन सेठिया, हनुमानप्रसाद सारडीवाल, अमिताभ सिंघल, दिलीप गर्ग, मनीष अग्रवाल, श्याम अग्रवाल, शंकरलाल वर्मा, सुश्री किरण ओझा, राजकुमारी मिश्रा, सीमा सेन और जवाहरलाल शर्मा सहित शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के सैकड़ों पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हरि अग्रवाल ने किया और आभार राजेंद्र गर्ग ने माना।