:: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने की शुरुआत; पहले चरण में चार वार्डों में 15 दिन तक सघन स्वच्छता का संकल्प ::
इंदौर । स्वच्छता में सिरमौर इंदौर को अब और अधिक स्वस्थ बनाने की दिशा में नगर निगम ने कमर कस ली है। शहरवासियों को संक्रामक बीमारियों से बचाने और स्वच्छता की लय को बरकरार रखने के लिए निगम ने रविवार को स्वच्छ इंदौर – स्वस्थ इंदौर महा अभियान 2.0 का शंखनाद किया। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वार्ड 9 स्थित वृंदावन कॉलोनी से इस विशेष अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
महापौर ने जानकारी दी कि अभियान को चरणबद्ध तरीके से पूरे शहर में लागू किया जाएगा। पहले चरण में विधानसभा क्रमांक 1 के चार वार्डों– वार्ड 9, 3, 4 और 13 को चुना गया है। इन वार्डों में आगामी 15 दिनों तक विशेष सफाई व्यवस्था के साथ ही कचरा प्रबंधन, फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव का कार्य युद्धस्तर पर किया जाएगा ताकि मौसमी बीमारियों को पनपने से रोका जा सके।
इस अवसर पर महापौर भार्गव ने कहा कि इंदौर ने देश में स्वच्छता का जो मानक स्थापित किया है, उसे बनाए रखना एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने इंदौर की जनता की जागरूकता को शहर की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही हम आने वाले समय में भी स्वच्छता की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान सुरक्षित रखेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय, सचेतक कमल वाघेला, महापौर प्रतिनिधि शैलू दवे सहित बड़ी संख्या में पार्षदगण, निगम के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहर को साफ और स्वस्थ रखने का संकल्प लिया। निगम अधिकारियों का कहना है कि 15 दिन के इस पहले चरण के बाद अभियान को अन्य विधानसभा क्षेत्रों और वार्डों में भी विस्तार दिया जाएगा।

