पीड़ित परिवारों से मिलेंगे, घायलों का हाल जानेंगे, दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
जबलपुर । बरगी डैम में हुई भीषण त्रासदी को गंभीरता से लेते हुए राज्यसभा सांसद विवेक कृष्ण तन्खा ने अपना प्रस्तावित विदेश दौरा रद्द कर दिया है। वे आज सुबह जबलपुर पहुंचकर इस दर्दनाक हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वे शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देंगे और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहकर उनका दुख साझा करेंगे।
सांसद तन्खा ने बताया कि वे अस्पताल जाकर हादसे में घायल हुए लोगों का हालचाल भी जानेंगे। साथ ही उनके परिजनों से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे, ताकि वे इस गहरे दुख को सहने की ताकत जुटा सकें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस दुख की घड़ी में वे सभी प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से इस संबंध में चर्चा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाना बेहद जरूरी है।
तन्खा ने सरकार को भी आगाह करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि मानव जीवन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए प्रभावी और सख्त इंतजाम तुरंत लागू किए जाने चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

