शैक्षणिक संस्थानों के मेस-कैंटीनों पर प्रशासन की सख्ती, दो किचन बंद

मध्य प्रदेश

:: गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल और एक्रोपोलिस संस्थान में मिली गंभीर अनियमितताएं, 31 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे गए ::
इंदौर । कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर जिले के विद्यालयों, छात्रावासों और शैक्षणिक संस्थानों में संचालित मेस, कैंटीन एवं खाद्य भंडारण स्थलों का सघन निरीक्षण अभियान जारी है। विद्यार्थियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन की संयुक्त टीम ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की जांच की। इस दौरान कुल 31 खाद्य नमूने संग्रहित कर परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण के दौरान खंडवा रोड स्थित गुरु हरिकिशन पब्लिक स्कूल में खाद्य इकाई बिना वैध लाइसेंस संचालित होती पाई गई। यहां एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर नष्ट कराया गया। साथ ही खाद्य निर्माण में टैंकर के पानी का उपयोग किया जा रहा था, जबकि उसकी जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। आरओ टैंक की सफाई भी संतोषजनक नहीं पाई गई। गंभीर अनियमितताओं के चलते स्कूल के किचन को तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए।
एक्रोपोलिस संस्थान के मेस और किचन निरीक्षण में भी साफ-सफाई तथा खाद्य भंडारण संबंधी गंभीर कमियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तक संस्थान के किचन संचालन पर रोक लगा दी गई। यहां से छह खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए।
:: अन्य संस्थानों से भी लिए गए नमूने ::
न्यू दिगंबर पब्लिक स्कूल (एनडीपीएस) में एक्सपायरी खाद्य सामग्री और अव्यवस्थित भंडारण पाए जाने पर चार नमूने लिए गए। अग्रसेन विद्यालय से चावल, राजमा, आटा और बेसन के चार नमूने संग्रहित किए गए। दिल्ली पब्लिक स्कूल, राऊ से पनीर, चावल, गुड़, बेसन, चवला और काबुली चना सहित छह नमूने लिए गए। एडवांस एकेडमी में स्वच्छता संबंधी सुधार के निर्देश देते हुए 11 खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से खाद्य सुरक्षा संबंधी शिकायतें कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181 पर दर्ज कराने की अपील भी की।