बस स्टैंड पर बसों में लगी आग, मची घबराहट और अफरातफरी, पार्षद बैठे धरने पर

इंदौर

इन्दौर | गैस सिलेंडर फटने के जैसे चार धमाकों के साथ तीन इमली बस स्टैंड स्थित पवनपुरी कालोनी की एक वेल्डिंग और बाडी रिपेयरिंग वर्कशाप में खड़ी बस में आग लग गई और तेजी से फैलत उसने तीन चार बसों को और अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि मौके पर करीब बीस से ज्यादा बसे खड़ी थी जिन्हें तुरंत एहतियातन हटवाया गया। सूचना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड और थाना पुलिस टीम पहुंची वहीं क्षेत्रीय पार्षद ने भी मौके पर पहुंच घटना को लेकर विरोध दर्ज कराते धरना दें दिया। घटनास्थल पर पहुंचे पार्षद मनीष शर्मा का कहना है कि रिहायशी इलाके में निजी बसों की पार्किंग और मरम्मत को लेकर पहले भी उनके द्वारा कई बार चेतावनी दी जा चुकी है। सुनवाई नहीं होने से हमेशा बड़े हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा- जब तक बसें यहां से नहीं हटतीं और इसका समाधान नहीं निकलता, मैं धरने पर ही बैठा रहूंगा।
घटना आज सुबह नवलखा इलाके में तीन इमली के पास की है यहां बसें पार्क की जाती हैं। और उनकी छोटी-मोटी मरम्मत का कार्य भी इस दौरान किया जाता है। इस घटना के संदर्भ में भी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह बात सामने आई है कि आज सुबह एक बस में मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग की चिंगारी से बस ने आग पकड़ ली। वहीं कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गैस सिलेंडर फटने के जैसे चार धमाकों के साथ आग लगी। और देखते ही देखते कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर एक के बाद एक पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त मौके पर 20 से ज्यादा बसें खड़ी थी उन्हें तुरंत वहां से हटाया गया। वहीं रिहायशी बस्ती होने की वजह से घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आए। फिलहाल आग पर काबू पाने के बाद पार्षद से सलाह मशविरा कर प्रशासन इस समस्या का ठोस हल निकालने का प्रयास कर रहा है।