सीएम ने बोरलाय में किया मैथ्स पार्क का उद्घाटन, 19 मॉडलों से खेल-खेल में सीखेंगे गणित

इंदौर

6.27 लाख की लागत से तैयार पार्क में बीजगणित, अंकगणित और त्रिकोणमिति के मॉडल ::
बड़वानी/इंदौर । गणित सिर्फ कठिन सवालों और बड़ी संख्याओं का विषय नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। इसे खेल, पहेलियों और रोचक गतिविधियों के जरिए आसान और मजेदार बनाया जा सकता है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को बड़वानी जिले के ग्राम बोरलाय स्थित शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मैथ्स पार्क के उद्घाटन के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घड़ी में समय देखने से लेकर बाजार में खरीदारी तक गणित का उपयोग होता है। रोचक तरीके से गणित सीखने से बच्चों में विषय के प्रति रुचि बढ़ेगी और अवधारणाएं आसानी से समझ आएंगी।
:: बालिकाओं ने समझाए मॉडल ::
मुख्यमंत्री ने मैथ्स पार्क में लगाए गए मॉडलों का अवलोकन किया। स्कूल की बालिकाओं ने उत्साह के साथ मॉडलों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने उनके प्रयासों की सराहना की।
:: 6.27 लाख की लागत, 19 मॉडल ::
ग्राम पंचायत बोरलाय के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 6.27 लाख रुपये की लागत से मैथ्स पार्क तैयार किया गया है। बच्चों में गणित के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से बनाए गए पार्क में बीजगणित, अंकगणित और त्रिकोणमिति के 19 मॉडल स्थापित किए गए हैं। इनके जरिए विद्यार्थी गणितीय अवधारणाओं को गतिविधियों और मॉडलों के माध्यम से समझ सकेंगे।