‘बरेली के बच्चन’ परिवार करेगा धमाल!

मनोरंजन

बरेली अब सिर्फ अपने मशहूर झुमके के लिए नहीं, बल्कि बच्चन परिवार के लिए भी सुर्खियों में आने वाला है, जो ज़िंदगी को मज़ेदार अंदाज़ में ‘जुगाड़’ की फिलॉसफी से जी रहा है। एक जर्जर घर के दरवाज़े खोलते हुए कलर्स लेकर आ रहा है नया ड्रामेडी शो ‘बरेली के बच्चन’, जहां दरारें गहरी हैं, अफरा-तफरी हमेशा रहती है और बिगड़ी हुई परंपरा ही रिवाज़ बन चुकी है। स्वागत है बच्चन परिवार के घर में, जहां औरत का स्पर्श इतने सालों से गायब है कि दीवारें भी उसे भूल चुकी हैं। इस घर के बीचोंबीच है कृष्णा, दूसरा बेटा, जिसे सब प्यार से बोल बच्चन कहते हैं पेशे से ड्राइवर, हमेशा दुल्हन ढूंढने का सपना देखने वाला और टूटते घर में भी स्वर्ग देखने वाला। सबसे बड़ा बेटा गंगा उर्फ भोले बच्चन है, जो घर का अनऑफिशियल मां जैसा किरदार निभाता है, लेकिन उसकी कुर्बानियां अक्सर अनदेखी रह जाती हैं। तीसरा भाई सतलुज यानी एंग्री बच्चन हमेशा गुस्से में रहता है, क्योंकि उसे पता है कि यह परिवार स्थिरता से ज़्यादा इनकार पर टिका है। सबसे छोटा माही यानी छोटा बच्चन, जेन ज़ी सोशल मीडिया का दीवाना है, जो परिवार की रोज़मर्रा की अफरा-तफरी को मज़ेदार अंदाज़ में दुनिया के सामने रखता है। इस अजीबोगरीब कुनबे का मुखिया है अजाब सिंह, बड़े बच्चन – शराबी पिता, जो अपनी ढलती हुई हुकूमत और पुराने कंट्रोल से चिपके रहते हैं।

1 thought on “‘बरेली के बच्चन’ परिवार करेगा धमाल!

Comments are closed.