:: 9 से 13 जून तक शहर में जुटेगा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों का दल; रेसीडेंसी में हुई हाई-प्रोफाइल बैठक में सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन की बनी फुलप्रूफ रणनीति ::
इंदौर । देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के खाते में एक और वैश्विक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। आगामी 9 से 13 जून तक आयोजित होने वाले ब्रिक्स कृषि सम्मेलन 2026 की मेजबानी के लिए इंदौर पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस बेहद महत्वपूर्ण और हाई-प्रोफाइल समागम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा ने शनिवार को रेसीडेंसी में विभिन्न विभागों के आला अफसरों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह आयोजन इंदौर और पूरे मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल से काम करें और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कोई कसर न रहने दें।
रेसीडेंसी कोठी पर हुई इस मैराथन बैठक में शहर के प्रशासनिक अमले के सभी प्रमुख चेहरे शामिल हुए। बैठक में मुख्य रूप से मंडी प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े और किसान कल्याण विभाग के उप सचिव रोहित सिसोनिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विदेशी मेहमानों के आगमन, उनके ठहरने की व्यवस्था, सुरक्षा घेरे, होटलों से आयोजन स्थल तक आवागमन, निर्बाध बिजली, पेयजल और विशेष चिकित्सा सुविधाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अफसरों को निर्देशित किया कि मेहमानों के रूट पर स्वच्छता और सुगम यातायात के ऐसे विशेष इंतजाम किए जाएं जो देश की स्वच्छता राजधानी की छवि को और निखारें।
:: वैश्विक खाद्य सुरक्षा और डिजिटल खेती पर होगा महामंथन ::
पांच दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ब्रिक्स देशों के शीर्ष नीति-निर्माता, कृषि वैज्ञानिक और प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र में नवाचार, वैश्विक खाद्य सुरक्षा की चुनौतियों, उन्नत कृषि अनुसंधान, सतत कृषि विकास और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर केंद्रित रहेगा। इसके साथ ही छोटे और सीमांत किसानों की आय में वृद्धि करने के व्यावहारिक उपायों पर भी इस वैश्विक मंच पर गंभीर विमर्श किया जाएगा। आयोजन के दौरान कई तकनीकी सत्र और विशेषज्ञ चर्चाएं होंगी, जिनमें विभिन्न देशों द्वारा खेती-किसानी में किए गए सफल प्रयोगों की प्रस्तुतियां साझा की जाएंगी। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर सभी व्यवस्थाओं का मॉक ड्रिल और परीक्षण करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि सम्मेलन का सफल संचालन सुनिश्चित हो सके।

