इन्दौर | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) इंदौर में आयोजित एक समारोह में संस्थान के निदेशक प्रो. सुहास जोशी ने एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत भारत सरकार की युवा संगम चरण-6 के तहत झारखंड के लिए मध्यप्रदेश के 50 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रो. सुहास जोशी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा उन्हें झारखंड की संस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को समझने का अवसर देगी, वहीं वे मध्य प्रदेश की समृद्ध विरासत का भी प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. मृगेन्द्र दुबे और संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि भारत सरकार की युवा संगम चरण-6 में मध्यप्रदेश और झारखंड को जोड़ा गया है। कार्यक्रम के लिए प्रदेशभर से 3,200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 50 युवाओं का चयन किया गया। प्रतिनिधिमंडल में 23 पुरुष और 27 महिला प्रतिभागी शामिल हैं, जो प्रदेश के 40 से अधिक जिलों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल 12 से 20 जून तक झारखंड के शैक्षणिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और औद्योगिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इस दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय समुदायों, संस्थानों और विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों से संवाद का अवसर मिलेगा।


1 thought on “युवा संगम चरण-6 – मध्यप्रदेश का 50 सदस्यीय युवा प्रतिनिधिमंडल झारखंड रवाना”
Comments are closed.