अभी 4 से 5 दिन तक आगे नहीं बढ़ेगा मॉनसून
नई दिल्ली । मॉनसून को लेकर सबकी अपनी उम्मीदें हैं। किसानों को खेती की चिंता है तो शहरियों को गर्मी से राहत पाने की प्रत्याशा है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले दो सप्ताह से महाराष्ट्र और बिहार में ही अटका हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी चार से पांच दिन तक इसके आगे बढ़ने की संभावना भी नहीं है। ऐसे में उत्तर प्रदेश में मॉनसून की एंट्री में भी लगभग एक सप्ताह का समय लग सकता है। दूसरी ओर मुंबई में भी अगले सप्ताह ही बारिश शुरू हो सकती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कम से कम 10 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। राजधानी दिल्ली में भी 19 जून से 21 जून तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तेज हवाओं के साथ बौछार पड़ सकती है।
यूपी, बिहार और झारखंड का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। वहीं लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव, सीतापुर, बरेली, मेरठ, पीलीभीत, सहारनुप, बिजनौर, हरदोई, आगरा, मेरठ, गाजियाबाद, बदायूं, बहराइच, बलरामपुर, महोबा, झांसी, कौशांबी, हमीरपुर, चित्रकूट और बांदा में लू का अलर्ट जारी किया है। एक- दो दिन में कुछ जगहों पर बौछार पड़ सकती है। हालांकि ज्यादा बारिश का अलर्ट नहीं है।
बिहार के कई जिलों में मॉनसून पहुंच गया है। ऐसे में पटना, पश्चिमी चंपारण, सिवान, गया, शेखपुर, बेगुसराय, मुंगेर, नवादा, कटिहार, गोपालगंज, समस्तीपुर, नालंदा और मुजफ्फरपुर में 19 जून को मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा 80 से 90 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा का मौसम
राजधानी दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इसके अलावा 19 से 21 जून तक कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री तक बने रहने की संभावना है।
पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना
उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, रूद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। इसके अलावा मैदानी इलाकों से जुड़े जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में लू का अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब के होशियारपुर, पठानकोट मुक्तसर और बठिंडा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हरियाणा के कई जिलों में तेज आंधी के साथ बौछार पड़ सकती है। 21 जून तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 25 जून तक बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश में 19 जून को रात तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक शिमाल, मंडी और कुल्लू में भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में भूस्खलन की भी संभावना है। चंबा और कांगड़ा में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, पुलवामा, राजौरी और पुंछ में बौछार पड़ने की संभावना है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश के साथ ही 70 से 80 किमी की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और ओडिशा में बारिश की संभावना है।

