अंबिकापुरी खाटू श्याम धाम का वार्षिक महोत्सव 20 जून से

धार्मिक

:: कलश यात्रा से होगा शुभारंभ; सात दिवसीय आयोजन में भागवत कथा व महायज्ञ का होगा दिव्य संगम ::
इंदौर । एयरपोर्ट रोड स्थित अंबिकापुरी के श्री खाटू श्याम धाम का 29वां वार्षिक महोत्सव इस बार 20 जून से 26 जून तक पूरे धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्री खाटू श्याम महायज्ञ, संगीतमय भागवत कथा, भजन संकीर्तन और बाबा की अलौकिक ज्योत के दर्शन होंगे। यह पूरा महोत्सव महामंडलेश्वर गोपालदास महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।
महंत नीलू बाबा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 20 जून को सुबह 8 बजे खाटू श्याम महायज्ञ के साथ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे स्मृति नगर स्थित शिव मंदिर से अंबिकापुरी स्थित खाटू श्याम धाम तक एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर बाबा के जयकारे लगाएंगे। महोत्सव के तहत 20 से 24 जून तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से दिल्ली के स्वामी संजय प्रभाकर द्वारा संगीतमय खाटू श्याम भागवत की अमृत वर्षा की जाएगी।
:: एकादशी पर होगा विशेष आयोजन ::
महोत्सव के दौरान 25 जून को निर्जला एकादशी का पर्व विशेष रहेगा। इस दिन सुबह 8 से 10 बजे तक विश्व शांति एवं जनकल्याण के लिए महायज्ञ में 108 श्रीफलों की विशेष आहुतियाँ दी जाएंगी। दोपहर 2 बजे महिला मंडल द्वारा भजन, शाम 5 बजे से बाबा का फूलों से विशेष श्रृंगार, 56 भोग दर्शन और शाम 7.30 बजे फूल-बंगले में महाआरती के पश्चात बाबा की पवित्र ज्योत के दर्शन होंगे।
:: 26 जून को पूर्णाहुति और भंडारा ::
महायज्ञ की पूर्णाहुति 26 जून को सुबह 8 से 10 बजे तक होगी। दोपहर 3 बजे से महिला मंडल के भजनों की प्रस्तुति होगी और शाम 7.30 बजे से आयोजित होने वाली महाआरती के साथ ही भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि महायज्ञ में शामिल होने के इच्छुक श्रद्धालु 21 जून तक सुबह 8 से 10 बजे के बीच मंदिर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का गठन किया गया है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

1 thought on “अंबिकापुरी खाटू श्याम धाम का वार्षिक महोत्सव 20 जून से

Comments are closed.