:: मध्यप्रदेश के नवाचारों और जन-जागरूकता अभियानों की राष्ट्रपति ने की सराहना ::
इंदौर/ओंकारेश्वर । महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने अपने पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान शुक्रवार को खंडवा जिले के ओंकारेश्वर में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन-2047 के अंतर्गत आयोजित विश्व सिकल सेल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, धार्मिक न्यास राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने सिकल सेल उन्मूलन मिशन के तहत मध्यप्रदेश में किए जा रहे कार्यों, नवाचारों एवं जन-जागरूकता अभियानों की सूक्ष्म जानकारी ली। उन्होंने सिकल सेल रोग की रोकथाम, समय पर जांच, उपचार तथा प्रभावित परिवारों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे ठोस प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
:: विभागीय उपलब्धियों का प्रदर्शन ::
प्रदर्शनी में चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग द्वारा सिकल सेल रोग की पहचान, उपचार, परामर्श और बचाव संबंधी उपायों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। अधिकारियों ने राष्ट्रपति को मिशन के अंतर्गत चल रहे स्क्रीनिंग अभियान, जेनेटिक काउंसलिंग, निःशुल्क उपचार व्यवस्था, सिकल सेल मोबाइल एप एवं पोर्टल तथा रोग उन्मूलन की कार्ययोजना से अवगत कराया।
जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग ने अपने स्टॉल पर मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाओं, सिकल सेल रोगियों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति ने इन सेवाओं की उपयोगिता को सराहा। इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना, वन स्टॉप सेंटर और पोषण आहार सहित महिलाओं एवं बच्चों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
:: सिकल सेल मित्रों से किया संवाद ::
प्रदर्शनी के दौरान राष्ट्रपति ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सिकल सेल उन्मूलन मिशन से जुड़े सिकल सेल मित्रों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं व सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने मिशन को सफल बनाने के लिए किए जा रहे समन्वित प्रयासों की सराहना की और सिकल सेल मित्रों के साथ ग्रुप फोटो भी खिंचवाया।
:: आनुवंशिक विकार के प्रति जागरूकता ::
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि सिकल सेल एक आनुवंशिक रक्त विकार है, जो माता-पिता से बच्चों में जीन के माध्यम से फैलता है। इसमें लाल रक्त कोशिकाएं हंसिए (सिकल) के आकार की हो जाती हैं, जिससे रक्त प्रवाह और ऑक्सीजन आपूर्ति प्रभावित होती है। भारत सरकार और मध्यप्रदेश सरकार इसी चुनौती को जड़ से खत्म करने के लिए व्यापक स्तर पर जांच और जन-जागरूकता अभियान चला रही हैं, जो आने वाले समय में रोग उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को सिद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


1 thought on “राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने की सिकल सेल उन्मूलन प्रदर्शनी का अवलोकन”
Comments are closed.