:: मन में अटूट श्रद्धा हो तो स्वयं दौड़े चले आते हैं बाबा श्याम, महायज्ञ से हुई इन्द्रदेव की कृपा ::
इंदौर । शहर के एयरपोर्ट रोड स्थित अम्बिकापुरी का खाटू श्याम धाम इन दिनों आस्था के महासागर में गोते लगा रहा है। मौका है मंदिर के 29वें वार्षिकोत्सव का, जहाँ हो रहे श्याम भागवत के आयोजन ने पूरे वातावरण को अलौकिक बना दिया है। दिल्ली से पधारे प्रख्यात भागवताचार्य पं. संजय प्रभाकर के श्रीमुख से जब श्याम सरकार की महिमा का गुणगान हो रहा है, तो भक्त भावविभोर होकर नाचने को विवश हो जाते हैं।
कथा के दौरान पं. संजय प्रभाकर ने श्रद्धालुओं को जीवन की सार्थकता का मार्ग दिखाते हुए कहा कि जब जीवन में चारों ओर से निराशा घेर ले और हर रास्ता बंद नजर आए, तब खाटू वाले श्याम बाबा की शरण में सच्चे भाव से अर्जी लगाइए। उन्होंने कहा कि बाबा भक्तों की पुकार सुनकर स्वयं दौड़े चले आते हैं और कलियुग में उनका आशीर्वाद निर्धन और पीड़ितों के लिए सबसे बड़ा संबल है।
मंदिर में चल रहे खाटू श्याम महायज्ञ का प्रताप भक्तों के लिए प्रत्यक्ष प्रमाण बन गया है। गत 20 जून से चल रहे इस अनुष्ठान में सुखद वर्षा की कामना के साथ आहुतियां दी जा रही थीं, जिसका असर रविवार शाम को शहर में हुई झमाझम बारिश के रूप में दिखा। महामंडलेश्वर स्वामी गोपालदास महाराज के सानिध्य में हो रहे इस यज्ञ से अम्बिकापुरी क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह से शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा से भर गया है।
मंदिर के महंत नीलू बाबा ने बताया कि आगामी 25 जून को निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर मंदिर में उत्सव का माहौल रहेगा। इस दिन सुबह 8 से 10 बजे तक 108 श्रीफलों की आहुति के साथ विश्व शांति और अच्छी वर्षा के लिए महायज्ञ होगा। इसके बाद शाम 5 बजे बाबा का दिव्य पुष्प श्रृंगार और 56 भोग का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे श्याम बाबा पुष्प बंगले में विराजित होकर भक्तों को दर्शन देंगे, जिसके पश्चात महाआरती और ज्योत का दर्शन होगा।
आयोजन में विजय कालानी, विनोद मित्तल, हीरालाल कुमावत सहित समिति के वरिष्ठ सदस्यों और मातृशक्ति की विशेष उपस्थिति आयोजन को सफल बना रही है। यह धार्मिक अनुष्ठान 26 जून को महायज्ञ की पूर्णाहुति और दोपहर में आयोजित होने वाले विशाल भंडारे के साथ संपन्न होगा।

