नई दिल्ली । 21 जून को देशभर में 22 लाख से अधिक छात्रों द्वारा दी गई री-नीट परीक्षा के सफल आयोजन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और सुरक्षा पर महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले पर कड़ा रुख दिखाकर कहा कि रक्षक ही भक्षक बने हैं, जिन्हें पेपर बनाना था, वे बदमाशों से जा मिले। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने स्पष्ट किया कि सरकार परीक्षा प्रणाली की कमियों को दूर करने और पेपर माफिया व गड़बड़ी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में जुटी है। उनका लक्ष्य केवल दोषियों को पकड़ना नहीं, बल्कि इस पूरे नेटवर्क को तोड़ना है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं फिर से न हो।
केंद्रीय शिक्षामंत्री ने अभिभावकों, छात्रों और री-नीट के सही आयोजन में सहयोग करने वालों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर काम कर रही है, जिसमें परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर कोई सवाल न उठे। इस दिशा में तकनीक आधारित प्रणालियों को मजबूत किया जा रहा है और भविष्य में अधिक परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित किया जा सकता है, जिससे प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता बढ़ेगी। केंद्रीय मंत्री प्रधान ने नागपुर के उस छात्र का जिक्र किया जिसका परीक्षा केंद्र छात्र की पसंद पर अबूधाबी हुआ, पर केंद्र सरकार ने खुद उसके पिता से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थे।
धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के भविष्य से जुड़े संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं। प्रधान ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बिना पूरी जानकारी के मुद्दे में घुस गए हैं और बच्चों के मन में डर पैदा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सलाह दी कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष के तौर पर सही सवाल उठाने चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने सीबीएसई परीक्षा से जुड़े विवादों को सुधारने की अपनी प्रतिबद्धता दिखाकर कहा कि नीट में हुई गलती को भी सुधारा गया है। उन्होंने देर से पहुंचने के कारण परीक्षा से वंचित रहे छात्रों का जिक्र किया और कहा कि केंद्र सरकार विषय को गंभीरता से देख रही है ताकि भविष्य में किसी भी छात्र का अनावश्यक नुकसान न हो।


1 thought on “नीट लीक पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री: रक्षक ही भक्षक बने, राहुल गांधी पर साधा निशाना”
Comments are closed.