:: सड़क रेस्टोरेशन, पेयजल और ड्रेनेज कार्यों की समीक्षा; क्लोरीन टेस्टिंग कर गुणवत्ता परखी ::
इंदौर । नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मंगलवार को भागीरथपुरा क्षेत्र का दौरा कर पेयजल एवं ड्रेनेज लाइन कार्यों के बाद चल रहे सड़क निर्माण और रेस्टोरेशन कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने क्षेत्र स्थित पानी की टंकी, शासकीय विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए नागरिकों से भी संवाद किया। रहवासियों ने नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति पर संतोष व्यक्त किया।
आयुक्त श्री सिंघल ने विकास कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
:: जल गुणवत्ता पर विशेष जोर ::
नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त ने मौके पर क्लोरीन टेस्टिंग भी कराई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से जल गुणवत्ता परीक्षण जारी रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त आशीष कुमार पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


1 thought on “भागीरथपुरा में विकास कार्यों का आयुक्त ने किया निरीक्षण”
Comments are closed.