सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी

ताज़ा खबर देश

-दिल्ली, पटना, भागलपुर और नोएडा समेत कई स्थानों पर कार्रवाई ,-3 करोड़ से ज्यादा का फ्लैट, नकदी और कीमती सामान बरामद
पटना । बिहार के भवन निर्माण विभाग में तैनात सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पवन कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में करोड़ों रुपये की संपत्ति, नकदी और कीमती सामान मिलने की जानकारी सामने आई है।
ईओयू की टीम बुधवार सुबह से पटना के कृष्णापुरी स्थित यमुना अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 305/बी में तलाशी अभियान चला रही है। यह तीन बेडरूम का फ्लैट है, जिसकी अनुमानित कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पवन कुमार पिछले कई वर्षों से इसी फ्लैट में रह रहे हैं।
इसके अलावा पटना स्थित उनके सरकारी कार्यालय, भागलपुर के तिलकामांझी क्षेत्र स्थित आनंदगढ़ कॉलोनी के आवास तथा अन्य परिसरों में भी अलग-अलग टीमों द्वारा जांच की जा रही है। जांच एजेंसी ने नोएडा के सेक्टर-75 स्थित फ्लैट और फार्म हाउस के साथ नई दिल्ली के द्वारका सेक्टर-10 स्थित आवास को भी छापेमारी के दायरे में लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तलाशी के दौरान अब तक करीब 5.15 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सोने-चांदी के बर्तन, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुओं के मिलने की भी जानकारी सामने आई है। जांच एजेंसी इन संपत्तियों और निवेशों से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रही है। पवन कुमार वर्तमान में भवन निर्माण अंचल-1, पटना में सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उनके परिवार में दो पुत्र हैं, जिनमें एक डॉक्टर है, जबकि दूसरा उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा है।
ईओयू अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों, बैंक खातों, अचल संपत्तियों और निवेश संबंधी रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल विभिन्न शहरों में छापेमारी और दस्तावेजों की जांच जारी है। एजेंसी की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद संपत्तियों और निवेश से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है।