सफाईमित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, 140 लोगों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

इंदौर

:: नगर निगम की पहल, 45 दिनों में शहर के सभी 22 जोनों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा ::
इंदौर । शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले सफाईमित्रों और उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए इंदौर नगर निगम ने विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। सेवा कुंज अस्पताल में आयोजित शिविर में 140 सफाईमित्रों एवं उनके परिजनों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान चिकित्सकीय परामर्श के साथ आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सफाईमित्रों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और परामर्श प्रदान किया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रोग निदान तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया गया। निगम अधिकारियों ने भी उपस्थित रहकर लाभार्थियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि सफाईमित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। आगामी 45 दिनों में शहर के सभी 22 जोनों में इसी प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक सफाईमित्र और उनके परिवारजन तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सफाईमित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल और समय पर उपचार सुनिश्चित करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार सुविधाएं उनके लिए सुलभ बनाई जा रही हैं।
निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बताया कि भविष्य में भी सफाईमित्रों के कल्याण के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सहयोग मिल सके।