डॉ. भागवत और होसबाले की मौजूदगी में पहले दिन छह सत्र हुए; देशभर में दैनिक शाखाओं की संख्या 1.01 लाख पार, पंच परिवर्तन और संगठन विस्तार पर मंथन ::
इंदौर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की तीन दिवसीय बैठक सोमवार को इंदौर के डेली कॉलेज परिसर में शुरू हुई। बैठक के पहले दिन छह सत्रों में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान हुए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान शाखाओं के विस्तार, पंच परिवर्तन के क्रियान्वयन और समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई। बैठक का शुभारंभ सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसमें देशभर से करीब 400 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। बैठक 4 नवंबर की शाम तक चलेगी।
:: प्रांतों ने प्रस्तुत किए कामकाज के प्रतिवेदन ::
पहले दिन विभिन्न प्रांतों के संघचालक, कार्यवाह और प्रचारकों की टोलियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुए कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में विजयादशमी 2025 से विजयादशमी 2026 तक शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की समीक्षा की जा रही है। इनके आगामी क्रियान्वयन, अनुवर्तन और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श हो रहा है।
:: एक साल में 13 हजार नई शाखाएं शुरू ::
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, देशभर में संघ की 1 लाख 1 हजार 151 दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं। पिछले एक साल में 13 हजार से अधिक नई दैनिक शाखाएं शुरू हुई हैं। संघ का कार्य 1 लाख 10 हजार 849 स्थानों तक पहुंचा है। शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65 हजार 660 हिंदू सम्मेलन भी आयोजित किए गए। बैठक में नई शाखाएं शुरू करने के साथ मौजूदा शाखाओं के नियमित संचालन और उन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
:: पंच परिवर्तन के क्रियान्वयन की समीक्षा ::
बैठक में पंच परिवर्तन के पांच विषयों- सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य पर विशेष चर्चा हुई। इन विषयों को समाज के बीच जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार हुआ। युवाओं और महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक संगठन की पहुंच मजबूत करने के विषय भी चर्चा में शामिल रहे।
:: सोशल मीडिया, विदेशी हस्तक्षेप और नशे की समस्या भी एजेंडे में ::
बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत के पिछले महीने नागपुर में दिए गए विजयादशमी उद्बोधन में उठाए गए समसामयिक विषयों पर भी विचार-विमर्श होगा। नए मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित सामग्री, देश में विदेशी हस्तक्षेप, वैश्विक परिस्थितियों और नशे की समस्या जैसे मुद्दे भी एजेंडे में शामिल हैं। इन विषयों को समाज तक पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
:: दिवंगत हस्तियों को दी श्रद्धांजलि, प्रदर्शनी भी लगी ::
बैठक के प्रारंभ में सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पिछले कुछ महीनों में दिवंगत हुई प्रमुख हस्तियों और संघ कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें गायिका आशा भोसले, संत पद्मश्री रमेश बाबा, विवेकानंद केंद्र के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण और संघ के वरिष्ठ प्रचारक विनोद कुमार सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल रहे।
बैठक स्थल पर प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें धार की ऐतिहासिक भोजशाला और संघ की विभिन्न गतिविधियों से संबंधित विषयों को प्रदर्शित किया गया है।

