:: महापौर ने जलप्रदाय और अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा की, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी ::
इंदौर । महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने स्मार्ट सिटी कार्यालय में अमृत 2.0 परियोजना के अंतर्गत संचालित जलप्रदाय एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा चतुर्थ चरण, पेयजल टंकियों के निर्माण और जलप्रदाय लाइन विस्तार कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
बैठक में जल कार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा (बबलू), कार्यपालन यंत्री, सहायक एवं उप यंत्री, संबंधित एजेंसियों के कंसलटेंट और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने के निर्देश दिए।
वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, सुरक्षा टेप और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
महापौर भार्गव ने स्पष्ट किया कि परियोजना कार्यों में देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि समयसीमा का पालन नहीं करने वाली एजेंसियों पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार पेनल्टी लगाई जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूर्ण होने से शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और आधारभूत अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

