समान नागरिक संहिता लागू होने पर इंदौर में जश्न, शहरभर में बांटी मिठाई और हुई आतिशबाजी

मध्य प्रदेश

:: गौ सेवा भारती, चैतन्य भारत और अनंत सेवा न्यास का आयोजन; रणजीत हनुमान मंदिर से शुरू हुआ उत्सव मालवा मिल पर हुआ समापन ::
इंदौर । मध्यप्रदेश विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पारित होने के उपलक्ष्य में रविवार को इंदौर में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सामाजिक संस्थाओं ने शहर के प्रमुख मंदिरों, चौराहों और बाजारों में मिठाई वितरण कर आतिशबाजी की।
गौ सेवा भारती, चैतन्य भारत और अनंत सेवा न्यास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अभिनंदन समिति के संयोजक पं. योगेंद्र महंत, गौ सेवा भारती के अध्यक्ष सुरेश पिंगले, चैतन्य भारत के अध्यक्ष सीताराम व्यास, वरिष्ठ हुकुमचंद सावला और गौ सेवक अशोक गुप्ता ने कहा कि समान नागरिक संहिता प्रदेश के लिए ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय है। इसी खुशी में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गौसेवकों ने नागरिकों के साथ मिलकर उत्सव मनाया।
तीन घंटे चले इस आयोजन की शुरुआत शाम 4 बजे रणजीत हनुमान मंदिर परिसर से हुई। ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच शुरू हुई वाहन रैली महाराणा प्रताप प्रतिमा (गंगवाल बस स्टैंड), बड़ा गणपति मंदिर, मल्हारगंज, खजूरी बाजार और सुभाष चौक होते हुए राजवाड़ा पहुंची।
राजवाड़ा के बाद रैली किशनपुरा छतरी और रीगल चौराहे पहुंची, जहां नागरिकों को समान नागरिक संहिता की बधाई देते हुए मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी की गई। इसके बाद काफिला लेंटर्न चौराहा होते हुए शाम 7 बजे मालवा मिल पहुंचा, जहां भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
पूरे मार्ग में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।