:: बंगाली चौराहा से एमआर-10 तक व्यवस्थाओं की समीक्षा, जल निकासी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश ::
इंदौर (ईएमएस)। मानसून के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने बुधवार को शहर के जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्टॉर्म वॉटर लाइन, ड्रेनेज चैंबर और जल निकासी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित जोनल अधिकारी भी मौजूद रहे।
आयुक्त ने बंगाली चौराहा, खजराना गणेश मंदिर रोड, विजय नगर चौराहा, रोबोट चौराहा, एमआर-10 रोड, शिव कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर वर्षा जल निकासी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से प्री-मानसून तैयारियों और सफाई कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली।
निरीक्षण के दौरान श्री सिंघल ने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जोनल कार्यालयों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जोनल कार्यालय में आवश्यक संसाधनों, मशीनरी और कर्मचारियों के साथ विशेष दल तैयार रखे जाएं, ताकि जलभराव की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्यों को ध्यान में रखते हुए आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, जल निकासी की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति नहीं बनने दी जाए और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
निगम आयुक्त ने अधिकारियों को स्टॉर्म वॉटर लाइनों और ड्रेनेज सिस्टम की नियमित सफाई तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जलभराव की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई कर समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार मानसून अवधि में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए नियंत्रण कक्ष और मैदानी अमले को भी सक्रिय रखा जाएगा, ताकि नागरिकों को राहत मिल सके।

