वरिष्ठ टीवी पत्रकार सिक्ता देव सिखाएंगी पत्रकारिता के गुर

मध्य प्रदेश

:: स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के ‘द जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट’ कार्यक्रम में करेंगी शिरकत ::
इंदौर । टीवी जर्नलिज्म की जानी-मानी हस्ती, वरिष्ठ पत्रकार व एंकर सिक्ता देव शनिवार, 27 जून को प्रातः 11 बजे प्रीतमलाल दुआ सभागार में मौजूद रहेंगी। वे स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के बैनर तले आयोजित द जर्नी ऑफ ए जर्नलिस्ट कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर शिरकत करेंगी। इस दौरान सिक्ता देव शहर के विभिन्न संस्थानों में जर्नलिज्म की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों और प्रशिक्षु पत्रकारों को पत्रकारिता के बुनियादी पहलुओं से अवगत कराएंगी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करेंगी। इसके साथ ही वे शहर के प्रबुद्ध पत्रकार साथियों से संवाद भी करेंगी।
:: तीन दशक का अनुभव और ऐतिहासिक घटनाक्रमों की गवाह ::
तीन दशक से भी अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में सक्रिय सिक्ता देव ब्रॉडकास्ट जर्नलिज्म, फील्ड रिपोर्टिंग, लॉन्ग फॉर्मेट स्टोरी टेलिंग और एडिटोरियल लीडरशिप में सिद्धहस्त हैं। उन्होंने 1995 से 2003 तक आजतक में अपनी सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2003 से वे एनडीटीवी से जुड़ीं और वर्तमान में वहां कंट्रीब्यूटिंग एडिटर व सीनियर एंकर के रूप में कार्यरत हैं।
टेलीविजन न्यूज़ इंडस्ट्री में आए तकनीकी व वैचारिक बदलावों की साक्षी रहीं सिक्ता देव ने कई ऐतिहासिक घटनाक्रमों की मैदानी रिपोर्टिंग की है। उन्होंने 1999 के कंधार विमान अपहरण, 2001 के संसद हमले, भारत-पाक आगरा समिट, अक्षरधाम आतंकी हमले, समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की ग्राउंड जीरो से लाइव रिपोर्टिंग की। अक्षरधाम हमले के दौरान उन्होंने एनएसजी कमांडो के साथ उड़ान भरकर रिपोर्टिंग की थी। अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में गर्भगृह से देश-दुनिया को सबसे पहले रामलला के दर्शन कराने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है। हाल ही में वे नेपाल के जेन जी आंदोलन को कवर करने वाली अकेली महिला पत्रकार रहीं। बीते दिनों भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मामले की संवेनदशील रिपोर्टिंग और परिजनों का दर्द उजागर करने में भी उनकी अहम भूमिका रही, जिसके बाद जांच सीबीआई को सौंपी गई।
:: प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मानों से हो चुकी हैं विभूषित ::
पत्रकारिता जगत में अद्वितीय मुकाम हासिल करने वाली सिक्ता देव को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। इनमें लोकमत का देवी अहिल्याबाई अवॉर्ड, बेस्ट करेंट अफेयर्स प्रोग्राम के लिए एनटी अवॉर्ड, इंडियन टेलीविजन एकेडमी अवॉर्ड, स्वर्गीय वेद अग्रवाल पत्रकारिता एवं साहित्य सम्मान और ओडिशा पत्रकारिता पुरस्कार शामिल हैं। मीडिया शिक्षा पर केंद्रित स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. का यह अनवरत आठवां आयोजन है। देश भर में इंदौर एकमात्र ऐसा केंद्र है जहां किसी मीडिया क्लब द्वारा भावी पत्रकारों के लिए इस तरह का अनूठा और निरंतर ज्ञानवर्धक कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।