:: ‘सेफ क्लिक-2026’ अभियान के तहत खजराना और छावनी क्षेत्र में नागरिकों को किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी ::
इंदौर । बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक-2026’ अभियान के तहत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार रात मोहर्रम पर्व के परचम और अखाड़ों के जुलूसों में पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-2) अमरेंद्र सिंह ने खजराना थाना पुलिस के साथ खजराना क्षेत्र में तथा एसीपी संयोगितागंज तुषार सिंह ने संयोगितागंज थाना पुलिस के साथ छावनी क्षेत्र में मोहर्रम जुलूसों के दौरान लोगों से संवाद किया। इस दौरान नागरिकों को साइबर ठगी के नए तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि अज्ञात लिंक, फर्जी लोन ऐप, ऑनलाइन नौकरी के झांसे, केवाईसी अपडेट के नाम पर की जाने वाली धोखाधड़ी, ओटीपी साझा करने और निवेश संबंधी फर्जी योजनाओं से सावधान रहें। बैंकिंग और डिजिटल भुगतान से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें।
अभियान के दौरान नागरिकों से यह अपील भी की गई कि सोशल मीडिया पर प्राप्त किसी भी सूचना या संदेश को सत्यापित किए बिना आगे प्रेषित न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
इंदौर पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
पुलिस का संदेश है – “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें… सेफ क्लिक अपनाएं, साइबर अपराध से बचें।”

