नर्मदा में मिला निशांत जोशी का शव, कार से मिला सुसाइड नोट

इंदौर

:: मंडलेश्वर पुल के पास खड़ी मिली थी कार, एसडीआरएफ ने नदी से शव निकाला; मानसिक स्वास्थ्य उपचार से जुड़े दस्तावेज भी बरामद ::
:: एसपी पत्नी समेत परिजन कर रहे थे तलाश, मंडलेश्वर में मिला शव ::
इंदौर/खरगोन । इंदौर से लापता पेट्रोकेमिकल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर निशांत जोशी का शव बुधवार को खरगोन जिले के मंडलेश्वर में नर्मदा नदी से बरामद हो गया। सोमवार शाम से लापता 50 वर्षीय निशांत की तलाश की जा रही थी। उनकी कार नर्मदा पुल के पास खड़ी मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने नदी में सर्च अभियान शुरू किया था। बुधवार दोपहर शव मिलने के बाद मामले की जांच तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार कार की तलाशी के दौरान एक हस्तलिखित सुसाइड नोट मिला है। इसमें निशांत ने अपने चचेरे भाई डॉ. विवेक जोशी और उनकी पत्नी से अपनी बेटी की देखभाल करने का भावुक अनुरोध किया है। कार से शराब की एक बोतल, दो बैग तथा मानसिक स्वास्थ्य उपचार से संबंधित कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।
जांच में सामने आया है कि निशांत जोशी सोमवार शाम से परिजनों के संपर्क में नहीं थे। इसके बाद उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने पर तलाश शुरू की गई थी। मंडलेश्वर स्थित नर्मदा पुल पर उनकी कार मिलने के बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई थी, जिसके चलते एसडीआरएफ की टीम को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया।
लगातार सर्च के बाद बुधवार को नदी से शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बरामद सुसाइड नोट, मेडिकल दस्तावेजों और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है। मानसिक स्वास्थ्य संबंधी फाइलों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को स्पष्ट किया जा सके। हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
उल्लेखनीय है कि निशांत जोशी की पत्नी मंदसौर में नारकोटिक्स विभाग में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर पदस्थ हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हो गए थे और पूरे मामले पर नजर बनाए हुए थे।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।